40.1 C
Greater Noida
Monday, June 22, 2026
More

    Noida 105 News : जन स्वास्थ्य विभाग खत्म होते ही बिगड़ी सफाई व्यवस्था! सेक्टर 105 में जहरीले जीवों का खतरा बढ़ा, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा है कि जन स्वास्थ्य विभाग को समाप्त कर सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी सिविल विभाग को सौंपे दी गई है, निवासियों में गहरा आक्रोश

    श्री दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने कहा कि बार-बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में कोई विशेष सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं संबंधित विभागों से जनहित में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

    Must read

    नोएडा, द न्यूज क्लिक। सेक्टर-105 रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने सेक्टर में लगातार बिगड़ रही साफ-सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने कहा है कि जन स्वास्थ्य विभाग को समाप्त कर सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी सिविल विभाग को सौंपे जाने के बाद से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है।


    उन्होंने बताया कि पहले जहां सफाई व्यवस्था व्यवस्थित तरीके से संचालित होती थी, वहीं अब नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और लंबे समय से उनकी समुचित सफाई नहीं हो पा रही है। नालियों के किनारों पर खरपतवार और झाड़ियां उग आई हैं, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ती जा रही है।


    आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने कहा कि सेक्टर-105 में नोएडा प्राधिकरण के स्वामित्व वाले खाली भूखंडों की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। इन भूखंडों में आठ से दस फीट तक ऊंची जंगली घास और खरपतवार उग चुकी है, जो अब जहरीले सांपों और अन्य खतरनाक जीव-जंतुओं का सुरक्षित ठिकाना बन गई है। कई बार ऐसे जीव आबादी वाले क्षेत्रों और घरों के आसपास दिखाई दे चुके हैं, जिससे विशेषकर बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।

    सेक्टर 105 में जहरीले जीवों का खतरा बढ़ा, निवासियों में गहरा आक्रोश

    उन्होंने बताया कि सेक्टर के पार्कों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। पार्कों के भीतर और उनकी बाउंड्री के किनारे लगे कई पेड़ नीचे की ओर झुक चुके हैं, जिनकी समय रहते छंटाई और रखरखाव नहीं किया गया है। इन पेड़ों के कारण सुबह और शाम टहलने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पार्कों में भी जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं, जिससे उनकी सुंदरता प्रभावित हो रही है और लोगों में निराशा बढ़ रही है।


    श्री दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने कहा कि बार-बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में कोई विशेष सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं संबंधित विभागों से जनहित में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।


    आरडब्ल्यूए की ओर से मांग की गई है कि सिविल विभाग को निर्देशित कर सेक्टर की नालियों और सड़कों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा प्राधिकरण के सभी खाली पड़े भूखंडों से जंगली घास और खरपतवार को तत्काल हटाया जाए, ताकि जहरीले जीवों के खतरे से निवासियों को राहत मिल सके।


    आरडब्ल्यूए ने पार्कों में फैले कूड़े को हटाने और झुके हुए पेड़ों की वैज्ञानिक तरीके से छंटाई कर उनका उचित रखरखाव कराने की भी मांग की है, ताकि पार्कों की सुंदरता बहाल हो सके और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


    आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि नोएडा प्राधिकरण इन बुनियादी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जनहित में त्वरित कार्रवाई करेगा और दंडात्मक के बजाय सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर सेक्टर-105 के निवासियों को राहत प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सफाई व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसके लिए प्राधिकरण को प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाने चाहिए।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article