ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय एवं शारदा अस्पताल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पी.के. गुप्ता, प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता, वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा तथा अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। तिरंगा फहराए जाने के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया।
छात्रों ने प्रस्तुतियों से जगाई राष्ट्रभक्ति की भावना
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की यादों को जीवंत किया। छात्रों ने हिंदी कविता और टॉक शो के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा। छात्रों ने वर्तमान समय की ज्वलंत सामाजिक समस्याओं को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए देश को स्वच्छ और बेहतर बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका का संदेश दिया गया।
छात्रों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को न केवल स्वतंत्रता के संघर्ष की याद दिलाई, बल्कि यह संदेश भी दिया कि देश की प्रगति के लिए आज की युवा पीढ़ी को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
चांसलर पी.के. गुप्ता ने छात्रों को बताया आजादी का महत्व
इस अवसर पर शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पी.के. गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आजादी के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देश को स्वतंत्रता अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता विद्यार्थियों को भारत का भविष्य बताते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह देश की उपलब्धियों को आगे बढ़ाए और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे।

एयर मार्शल संजीव कपूर ने देश के प्रति जिम्मेदारी का दिया संदेश
कार्यक्रम में एयर मार्शल संजीव कपूर (सेवानिवृत्त), एवीएसएम, वीएम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त ऐसा दिन है, जो प्रत्येक भारतीय को आजादी की कीमत और देशभक्ति की भावना की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में महान नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के लंबे संघर्ष के बाद भारत को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्वों के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए त्याग और बलिदान की प्रेरणा दी।
एयर मार्शल संजीव कपूर ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे यह सोचें कि वे देश के विकास में किस प्रकार योगदान दे सकते हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता और तकनीकी प्रगति को राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं को अपनी क्षमता का उपयोग देश की प्रगति के लिए करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा और राष्ट्र निर्माण को जोड़ा
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि देश की प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि शिक्षित, जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिकों के निर्माण से संभव है। विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के इतिहास के साथ वर्तमान समय में उनकी जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता, वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा, रजिस्ट्रार विवेक गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी, चिकित्सक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ने के साथ-साथ स्वच्छता, शिक्षा, तकनीकी प्रगति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।

