नोएडा, रफ़्तार टूडे। सेक्टर-105 में आरडब्ल्यूए द्वारा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के नेतृत्व में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में सेक्टरवासी, बच्चे और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूरा सेक्टर राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया। समारोह की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। ध्वजारोहण से पहले बच्चों और निवासियों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति गीत गाए। इसके बाद मुख्य अतिथियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तिरंगा लहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रगान की गूंज से गुंजायमान हो उठा और उपस्थित लोगों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़ाया समारोह का गौरव
स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारत सरकार के पूर्व गृह सचिव डॉ. प्रदीप कुमार और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव डॉ. राजेंद्र कुमार तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने अपने विचारों के माध्यम से उपस्थित निवासियों और बच्चों को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और कर्तव्यबोध का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्राप्त आजादी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। देश की प्रगति के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभानी चाहिए।

आरडब्ल्यूए टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के साथ महासचिव राजीव दुबलिश, उपाध्यक्ष रानी गौतम, कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल तथा संयुक्त सचिव अनिल भदोरिया, महेश चौहान, हरीश पालीवाल और उमेश माथुर ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों और निवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। देशभक्ति के गीतों और राष्ट्रगान के बीच पूरा वातावरण राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत रहा।
समारोह के समापन पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने मुख्य अतिथियों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सभी सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और स्वतंत्रता के महत्व से भी परिचित कराते हैं।

