ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ग्रीन ट्रांसपोर्ट के बढ़ते बाजार को एक मंच पर लाने वाले छठे EV India Expo 2026 का मंगलवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में भव्य शुभारंभ हुआ। इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज और ग्रीन सोसाइटी ऑफ इंडिया के संयुक्त आयोजन में तीन दिवसीय एक्सपो 1 से 3 सितंबर तक चलेगा। एक्सपो में इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ बैटरी, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ईवी पार्ट्स, एक्सेसरीज और नई तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि तीन दिनों के दौरान देश-विदेश से 10 हजार से अधिक कारोबारी एवं आगंतुक एक्सपो में पहुंचेंगे।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
EV India Expo 2026 का उद्घाटन इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज के सीईओ डॉ. स्वदेश कुमार, डॉ. राजीव मिश्रा और डॉ. शैलेंद्र सेहरोज ने उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सनडक सोलर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सोम प्रकाश मिड्ढा, लॉर्ड्स मार्क टेक नेक्स्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रमेश कुमार मिगलानी, फ्यूचर टेक राइड्स प्राइवेट लिमिटेड (डैकस) के निदेशक हर्षित गर्ग, ई गरुड़ा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मनीष तनेजा और मैक्सिम ई व्हीकल्स के निदेशक अतुल चाचन सहित कई प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इनके अलावा ड्राइव वोल्ट्स प्राइवेट लिमिटेड एवं रे इलेक्ट्रिक के एमडी एवं संस्थापक देवांश गुप्ता, एलेस्को के एमडी रौनक जुनेजा, हेराल्ड ई-बाइक से कृष्णा ग्रोवर तथा ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से लोकेश और शौर्य कटारिया ने भी उद्घाटन कार्यक्रम में सहभागिता की।
पहले दिन ही कारोबार और साझेदारी पर जोर
एक्सपो के पहले दिन इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग से जुड़ी कंपनियों के बीच कारोबारी सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच बिजनेस मीटिंग्स आयोजित हुईं, जिनमें नई साझेदारियों, उत्पादों, बाजार विस्तार और व्यापारिक अवसरों पर चर्चा की गई। आयोजकों का कहना है कि एक्सपो का उद्देश्य केवल नए उत्पादों को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि ईवी उद्योग के निर्माताओं, सप्लायर्स, डीलर्स, वितरकों और संभावित ग्राहकों को एक साझा कारोबारी मंच उपलब्ध कराना भी है।

‘इलेक्ट्रिक वाहन—परिवहन का भविष्य’ पर राष्ट्रीय सेमिनार
एक्सपो के दौरान “Electric Vehicle—The Future of Transport” यानी “इलेक्ट्रिक वाहन—परिवहन का भविष्य” विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सम्मेलन के सह-आयोजक फेडरेशन ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल एसोसिएशन (i-FEVA) रहे। सेमिनार में देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल, ईवी सेक्टर के सामने मौजूद चुनौतियों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी विकास और आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की संभावनाओं पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने ईवी को भविष्य के परिवहन तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
EV India Expo 2026 डायरेक्टरी का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान EV India Expo 2026 की आधिकारिक एक्सपो डायरेक्टरी का भी विमोचन किया गया। डायरेक्टरी में एक्सपो में हिस्सा ले रही कंपनियों, उनके उत्पादों, सेवाओं और कारोबारी गतिविधियों से संबंधित जानकारी शामिल की गई है। इससे प्रदर्शनी में आने वाले कारोबारी और विजिटर कंपनियों एवं उनके उत्पादों के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।
‘कंपनियों को नए बाजार और ग्राहक से जोड़ना उद्देश्य’
इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज के सीईओ डॉ. स्वदेश कुमार ने कहा कि EV India Expo का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग से जुड़ी कंपनियों और कारोबारियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि एक्सपो में कंपनियों को अपने उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित करने के साथ नए ग्राहकों और कारोबारी साझेदारों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने पहले दिन हुए कारोबारी समझौतों को सकारात्मक शुरुआत बताते हुए उम्मीद जताई कि तीन दिवसीय आयोजन इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग में व्यापारिक सहयोग और नई साझेदारियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

3 सितंबर तक चलेगा एक्सपो
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहा EV India Expo 2026 3 सितंबर तक जारी रहेगा। आयोजकों के मुताबिक व्यावसायिक आगंतुकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। एक्सपो में ईवी उद्योग से जुड़े कारोबारी, निर्माता, डीलर, वितरक, तकनीकी विशेषज्ञ और आम आगंतुक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़ी नई तकनीकों और उत्पादों को करीब से देख सकते हैं।

