नोएडा, द न्यूज क्लिक। नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने और गहराते बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और स्थानीय निवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। छिजारसी, चोटपुर सहित डूब क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के मुद्दे पर सपा नेताओं और स्थानीय निवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित परिवारों की समस्याओं, बिजली-पानी के संकट और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव ने किया। बैठक में सपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं अधिवक्ता गौरव सिंघल ने डूब क्षेत्र के निवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
‘करीब 3000 नियमित कनेक्शन काटे गए’
एडवोकेट गौरव सिंघल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के नाम पर डूब क्षेत्र के छिजारसी, चोटपुर आदि इलाकों में करीब 3000 नियमित बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बिजली विभाग की ओर से पहले मीटर लगाए गए थे और स्थानीय निवासी वर्षों से नियमित रूप से बिजली के बिलों का भुगतान करते आ रहे थे।।उन्होंने कहा कि अचानक कनेक्शन काटे जाने से हजारों परिवारों के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली काटने से पहले प्रभावित परिवारों के लिए किसी वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जाना चाहिए था।
गौरव सिंघल ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और आम लोगों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने स्थानीय भाजपा विधायक और जनप्रतिनिधियों पर भी प्रभावित परिवारों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “यदि अखिलेश यादव की सरकार आती है तो समाजवादी पार्टी सभी पात्र लोगों को वैध बिजली कनेक्शन दिलाने की दिशा में काम करेगी।”
‘प्रशासन का तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं होगा’
बैठक की अध्यक्षता कर रहे दीपक विग ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों और समस्याओं के लिए आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत देने के बजाय यदि प्रशासन इसी तरह कार्रवाई करता रहा तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने अथवा नियमित कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
दीपक विग ने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से किसी भी परिवार को लंबे समय तक वंचित रखना गंभीर विषय है। प्रशासन को प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान बातचीत और उचित प्रक्रिया के माध्यम से करना चाहिए।
बिजली कटौती से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित
कार्यक्रम का संचालन कर रहे समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव ने बिजली संकट के कारण छात्रों और युवाओं को हो रही परेशानियों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि बिजली नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर युवाओं में आक्रोश है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी छात्र सभा की ओर से भी चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

स्थानीय निवासियों ने भी रखी अपनी समस्याएं
बैठक में डूब क्षेत्र के निवासियों ने बिजली के साथ-साथ पानी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। लोगों का कहना था कि बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी कठिनाई आ रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से यहां रहने वाले परिवारों ने बिजली विभाग की ओर से लगाए गए मीटरों के आधार पर बिलों का भुगतान किया है। ऐसे में अचानक कनेक्शन काटे जाने से लोगों में असमंजस और नाराजगी है।
बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत दी जाए और बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के संकट का स्थायी समाधान निकाला जाए।
विधायक और बिजली विभाग के कार्यालय के घेराव का फैसला
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिजली संकट और प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ जल्द ही स्थानीय विधायक और बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। सपा नेताओं ने कहा कि यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा प्रभावित लोगों को साथ लेकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक का आयोजन मनोज यादव और पुष्पेंद्र यादव की ओर से किया गया। इस दौरान कैलाश, कल्याण, ओंकार, वीरेश, मुन्ना और वीरेंद्र शुक्ला समेत कई लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में डूब क्षेत्र के निवासियों ने भाग लिया। सपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि बिजली-पानी का संकट केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के दैनिक जीवन से जुड़ा विषय है। पार्टी ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

