अन्नू पंडित के नेतृत्व में हजारों युवाओं ने किया ऐतिहासिक स्वागत, डॉ. रोहित मिश्रा ने संगठन की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर दिया जोर
ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। । ग्रेटर नोएडा के जैतपुर गोल चक्कर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के स्वागत में भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौतमबुद्ध नगर के युवा नेता अन्नू पंडित, सदस्य प्रदेश कार्यसमिति भाजयुमो उत्तर प्रदेश एवं निवर्तमान जिला अध्यक्ष भाजयुमो गौतमबुद्ध नगर के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस अभिनंदन समारोह में हजारों युवाओं और सैकड़ों गणमान्य लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
हजारों युवाओं और गणमान्य लोगों ने किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम में सर्व समाज के हजारों युवा, वरिष्ठ नागरिक, अधिवक्ता, वार्ड पार्षद, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और युवा नेताओं ने डॉ. रोहित मिश्रा का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। जैतपुर गोल चक्कर पर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्वागत समारोह में सैकड़ों वाहनों का काफिला, डीजे सिस्टम, ढोल, फूल-मालाएं, पुष्प वर्षा, जेसीबी और आतिशबाजी के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर भाजपा और युवा मोर्चा के समर्थन में गगनभेदी नारे गूंजते रहे।
डॉ. रोहित मिश्रा ने युवाओं में भरा जोश, संगठन मजबूत करने का किया आह्वान
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित मिश्रा ने राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन और युवाओं की व्यापक भागीदारी के लिए अन्नू पंडित की सराहना भी की। अपने ओजस्वी संबोधन में डॉ. रोहित मिश्रा ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा—

“सुना है समुंदर को बड़ा गुमान आया है, तो आप युवा साथियों ने कहा फिर ले चलो मेरी कश्ती उधर जिधर तूफान आया है… आप वही लोग हैं जो तूफानों से लड़ना जानते हैं।” उनके इस जोशीले वक्तव्य पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
भाजयुमो की सूची पर बोले प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
भाजयुमो की सूची जारी होने में हो रही देरी को लेकर डॉ. रोहित मिश्रा ने स्पष्ट किया कि वह किसी के दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले भी अपने भाइयों और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं, आज भी खड़े हैं और भविष्य में भी उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उनके इस वक्तव्य को उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक सराहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि डॉ. रोहित मिश्रा ने अपने विचारों और शानदार संबोधन से सभी का दिल जीत लिया।

भाजपा और युवा मोर्चा के नारों से गूंजा जैतपुर गोल चक्कर
कार्यक्रम के दौरान “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद”, “युवा मोर्चा जिंदाबाद”, “मोदी-योगी जिंदाबाद”, “डॉ. रोहित मिश्रा जिंदाबाद” और “अन्नू पंडित जिंदाबाद” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। समारोह के समापन पर अन्नू पंडित ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और गणमान्य अतिथियों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सहयोग और सहभागिता के लिए धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति कृतज्ञता जताई।
जैतपुर गोल चक्कर पर आयोजित इस स्वागत समारोह में युवाओं की व्यापक भागीदारी और उत्साह ने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के अभिनंदन कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

