ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। जीटी रोड स्थित आर.वी. हायर एजुकेशन एंड टेक्निकल इंस्टीट्यूट में शनिवार को एलुमनाई मीट (पूर्व छात्र मिलन समारोह) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वर्षों के पूर्व छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वर्षों बाद अपने शिक्षकों एवं साथियों से मिलकर कॉलेज के सुनहरे दिनों की यादें ताजा कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन वेदराम शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। अपने संबोधन में चेयरमैन वेदराम शर्मा ने सभी पूर्व छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके पूर्व छात्र होते हैं। देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व विद्यार्थियों द्वारा हासिल की गई उपलब्धियां संस्थान का गौरव बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज हमेशा अपने विद्यार्थियों से जुड़े रहने और उनके सुझावों के आधार पर संस्थान के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
संस्थान के सचिव श्रीपाल भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि एक मजबूत एलुमनाई नेटवर्क केवल वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन का माध्यम ही नहीं होता, बल्कि संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि संस्थान के पूर्व छात्र आज समाज, शिक्षा और उद्योग जगत में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देकर कॉलेज का नाम रोशन कर रहे हैं।
समारोह के दौरान पूर्व छात्र जुगनवीर सिंह, कुलदीप भाटी, कृष्ण कुमार, विजय कुमार, सोनाली भाटी, आयुषमान और निशु सहित कई पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और कॉलेज जीवन से जुड़ी यादों को उपस्थित सभी लोगों के साथ साझा किया।
इस अवसर पर पूर्व छात्र-छात्राओं की एक नई एलुमनाई कमेटी का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया।
इसमें जुगनवीर सिंह को अध्यक्ष, कुलदीप भाटी को उपाध्यक्ष, कृष्ण कुमार को सचिव, विजय कुमार को सहसचिव तथा सोनाली भाटी को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं सौरभ झा, अपूर्वा, निशु, आयुषमान, कनिका और भारती को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। चुनाव अधिकारी डॉ. हरेंद्र सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए नई कमेटी के गठन की औपचारिक घोषणा की।
कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार, सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। शिक्षकों ने अपने पूर्व विद्यार्थियों से मिलकर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में श्री पुनीत शर्मा, अंकित भाटी, प्रो. एस.एन. शर्मा, डॉ. हरेंद्र सिंह, प्रो. कपिल शर्मा, प्रो. नागेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. ज्ञानेंद्र सिंह, प्रो. दिव्या रोहरा, प्रो. राहुल कुमार, डॉ. मधु रायव, प्रो. रश्मि भाटी, प्रो. अर्चना दुबे सहित अनेक शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी पूर्व छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। आत्मीय वातावरण और पुराने साथियों के मिलन ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

