नोएडा, द न्यूज क्लिक। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नोएडा के सेक्टर-105 में हालात गंभीर हो गए हैं। सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने स्थित मुख्य नाला क्षमता से अधिक भर जाने के कारण ओवरफ्लो हो गया है। नाले का दूषित पानी अब बैकफ्लो होकर सेक्टर की आंतरिक नालियों और सड़कों पर फैल रहा है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। स्थिति तब और अधिक गंभीर हो गई जब एटीएस हेमलेट से आने वाला पानी भी तेज़ी से सेक्टर-105 के नाले में पहुंचने लगा। इसके चलते ग्रीन बेल्ट और आसपास के इलाकों में पानी भर गया है।

सबसे अधिक चिंता का विषय ग्रीन बेल्ट में स्थापित मुख्य बिजली ट्रांसफार्मरों के आसपास जलभराव है। ट्रांसफार्मरों से जुड़ी भूमिगत विद्युत केबलें पूरी तरह पानी में डूबी हुई हैं। इससे केबलों के क्षतिग्रस्त होने तथा पानी में करंट फैलने का खतरा बढ़ गया है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार के जलभराव के कारण भूमिगत केबलें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिसके चलते पूरे सेक्टर में लगभग 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इस बार भी ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि नाले के बैकफ्लो को रोका जाए, ग्रीन बेल्ट से पानी निकालने के लिए पंपों की व्यवस्था की जाए तथा बिजली के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल तकनीकी टीम मौके पर भेजी जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना और लंबी बिजली कटौती से बचा जा सके।



