ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का वितरण करते हुए वरिष्ठ उद्योगपति श्री बाबू राम भाटी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल ने की। इस नियुक्ति को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर श्री बाबू राम भाटी ने IIA के राष्ट्रीय नेतृत्व, विभिन्न चैप्टरों के पदाधिकारियों तथा संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
श्री भाटी ने बताया कि उनके कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निष्क्रिय IIA चैप्टरों को पुनः सक्रिय करना शामिल रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने खुर्जा और फिरोजाबाद में नए IIA चैप्टर स्थापित करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प भी व्यक्त किया, ताकि अधिक से अधिक उद्यमियों को संगठन से जोड़ा जा सके और उद्योगों की आवाज को मजबूत मंच मिल सके।
उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भविष्य में भी संगठन के सभी सदस्यों का सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उनके नेतृत्व और पर्यवेक्षण में IIA के सभी चैप्टर कार्यालय शासन, प्रशासन और उद्योग जगत के बीच एक सकारात्मक सेतु के रूप में कार्य करेंगे। साथ ही उद्योगों के हितों की रक्षा, निवेश को बढ़ावा देने, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र के समग्र औद्योगिक विकास के लिए संगठन निरंतर सक्रिय भूमिका निभाएगा।
औद्योगिक जगत से जुड़े लोगों ने श्री बाबू राम भाटी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और उद्योगों से जुड़े व्यापक अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश के उद्यमियों को मिलेगा तथा IIA की संगठनात्मक गतिविधियों को नई मजबूती प्राप्त होगी।

