ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। पर्यावरण संरक्षण, हरित भारत अभियान और स्वच्छ भविष्य के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, गौतमबुद्धनगर शाखा, रोटरी क्लब ग्रेटर नोएडा तथा रोटरेक्ट क्लब प्राइवेट कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में एक प्राइवेट कॉलेज नॉलेज पार्क-3, ग्रेटर नोएडा में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान परिसर में बड़ी संख्या में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का वचन दिया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान “एक वृक्ष सौ पुत्र समान” के संदेश को दोहराते हुए सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। एक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधरोपण के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुकुल गोयल, मोहित बंसल, गिरीश गुप्ता, आलोक गोयल, मनु जिंदल, डॉ. कुमार विक्रमादित्य, सुमित माहेश्वरी, अशोक अग्रवाल, शुभम सिंघल, किरण गुप्ता, मयंक गर्ग, विनय गुप्ता, कपिल शर्मा, हर्ष गुप्ता, अरुण कुमार, हर्षित सिन्हा, उमेश कुमार, डॉ. कीर्ति, अजय शर्मा एवं राघवेंद्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक, रोटरी एवं भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, कॉलेज के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प दोहराया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाले वर्षों में भारत को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सकता है।

