29.3 C
Greater Noida
Tuesday, September 1, 2026
More

    Noida Authority News : 12 साल बाद यमुना पुस्ता बांध की चार लेन सड़क की सफाई और मरम्मत शुरू, ग्राम विकास संगठन ने CEO कृष्णा करुणेश को किया सम्मानित, 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत, पहली किस्त के रूप में करीब 11 करोड़ रुपये सिंचाई विभाग को जारी

    सीईओ कृष्णा करुणेश से मुलाकात की। इस दौरान अशोक चौहान ने सीईओ को पुष्पगुच्छ और शहीद सुभाष चंद्र बोस की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के जीएम सिविल अशोक कुमार अरोड़ा को शहीद चंद्रशेखर आजाद की पेंटिंग भेंट की गई। सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक सड़क की सफाई का काम शुरू, इस अवसर पर ग्राम विकास संगठन के संयोजक डीपी चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, असगरपुर से हरेन्द्र अवाना तथा सेक्टर-130 निवासी सतेन्द्र चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे

    Must read

    नोएडा, द न्यूज क्लिक। करीब 12 वर्षों से यमुना तट बांध यानी यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क की सफाई और अनुरक्षण कार्य की मांग अब जमीन पर दिखाई देने लगी है। नोएडा प्राधिकरण द्वारा सड़क की मरम्मत, झाड़ियों की कटाई-छंटाई और कूड़े की सफाई का कार्य शुरू कराए जाने पर ग्राम विकास संगठन नोएडा ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश का आभार जताया और उन्हें सम्मानित किया।

    ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान सहित प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में सीईओ कृष्णा करुणेश से मुलाकात की। इस दौरान अशोक चौहान ने सीईओ को पुष्पगुच्छ और शहीद सुभाष चंद्र बोस की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के जीएम सिविल अशोक कुमार अरोड़ा को शहीद चंद्रशेखर आजाद की पेंटिंग भेंट की गई।

    34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत

    ग्राम विकास संगठन के मुताबिक, यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण वर्ष 2014 में नोएडा विकास प्राधिकरण की वित्तीय सहायता से कराया गया था। सिंचाई विभाग और नोएडा विकास प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू के अनुसार सड़क के मरम्मत एवं अनुरक्षण का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था। अब इस दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने करीब 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। संगठन के अनुसार, इसमें से पहली किस्त के रूप में करीब 11 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को जारी किए जा चुके हैं।

    धनराशि उपलब्ध होने के बाद सेक्टर-94 स्थित गांव रायपुर से सेक्टर-135 के गांव नंगली वाजिदपुर तक यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क के दोनों ओर और बीच में उगी कंटीली झाड़ियों तथा कीकर आदि की कटाई-छंटाई और सड़क किनारे पड़े कूड़े की सफाई का काम शुरू हो गया है।

    2021 से लगातार उठाई जा रही थी सफाई की मांग

    ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि यमुना पुस्ता बांध सड़क की सफाई और मरम्मत के लिए वह वर्ष 2021 से लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे थे। वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014123027859 दर्ज कराई गई थी। उस समय सिंचाई विभाग की ओर से जवाब दिया गया था कि पुस्ता बांध सड़क की दैनिक सफाई का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा किया जाता है। इसके बाद 31 अगस्त 2024 को शिकायत संख्या 40014124021755 और 40014124021758 के माध्यम से नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गईं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

    अशोक चौहान के मुताबिक, 28 अगस्त 2025 को भी मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014125031556 दर्ज कराई गई थी। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद सड़क पर बड़ी-बड़ी कंटीली झाड़ियां और कीकर उगे हुए थे तथा जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे थे। अब प्राधिकरण द्वारा कार्य शुरू कराए जाने से स्थानीय लोगों को राहत की उम्मीद जगी है।

    11.2 किलोमीटर सड़क से कई गांवों और सेक्टरों को मिलेगा फायदा

    करीब 11.2 किलोमीटर लंबी इस यमुना पुस्ता बांध सड़क की सफाई और मरम्मत पूरी होने के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और सेक्टरों के लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। ग्राम विकास संगठन का कहना है कि सड़क बेहतर होने के बाद रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली नंगला, नंगली शाखपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंगरौली समेत आसपास के गांवों तथा सेक्टर-126 से 135 और सेक्टर-168 के निवासियों को इसका लाभ मिल सकता है।

    संगठन के अनुसार, बड़ी संख्या में वाहन चालक इस मार्ग का इस्तेमाल करने लगेंगे तो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। इससे जाम की समस्या और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।

    लंबे समय से उपेक्षित मार्ग को मिली नई उम्मीद

    ग्राम विकास संगठन ने कहा कि यमुना तट बांध की यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों और सेक्टरों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में सड़क के दोनों ओर झाड़ियां और कूड़े के ढेर होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। संगठन ने सड़क की सफाई और अनुरक्षण कार्य शुरू कराने के लिए नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया। संगठन का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद यह मार्ग न केवल स्थानीय लोगों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि नोएडा के मुख्य मार्गों पर यातायात दबाव कम करने में भी उपयोगी साबित हो सकता है।

    ये लोग रहे मौजूद

    इस अवसर पर ग्राम विकास संगठन के संयोजक डीपी चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, असगरपुर से हरेन्द्र अवाना तथा सेक्टर-130 निवासी सतेन्द्र चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article