26.6 C
Greater Noida
Thursday, September 3, 2026
More

    UP BJP Breaking News : पश्चिमी यूपी में सियासी हलचल तेज, महामेधा नागर ने CM योगी से की मुलाकात; 7 सूत्रीय प्रस्ताव सौंपकर गुर्जर समाज के प्रतिनिधित्व और विकास का उठाया मुद्दा, युवाओं, महिलाओं और समाज कल्याण से जुड़े विषयों पर भी हुई विस्तृत चर्चा; OBC आयोग में प्रतिनिधित्व से लेकर छात्रावास, वीरांगना धौला गुर्जरी के नाम पर महिला PAC वाहिनी का प्रस्ताव

    प्रस्ताव में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत कोतवाल धन सिंह गुर्जर और बिजौलिया किसान आंदोलन के नायक विजय सिंह पथिक जैसे राष्ट्रनायकों के औपचारिक सम्मान की बात कही गई है। इन महापुरुषों के नाम पर स्मृति दिवस घोषित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है। इसका उद्देश्य ऐतिहासिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और क्षेत्र के स्वतंत्रता एवं सामाजिक आंदोलनों से जुड़े इतिहास को संस्थागत पहचान दिलाना बताया गया है।

    Must read

    लखनऊ, द न्यूज क्लिक। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति और सामाजिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को लेकर हलचल तेज होती नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने गुरुवार शाम लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से महत्वपूर्ण मुलाकात की। 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस भेंट के दौरान महामेधा नागर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गुर्जर समाज से जुड़े सम्मान, प्रतिनिधित्व, शिक्षा, रोजगार और समावेशी विकास से संबंधित सात सूत्रीय प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। महामेधा नागर के मुताबिक, बैठक में केवल समाज से जुड़े मुद्दों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि युवाओं, महिलाओं, जेन-ज़ी पीढ़ी की आकांक्षाओं और समाज कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

    गुर्जर समाज के प्रतिनिधित्व और विकास पर जोर

    मुख्यमंत्री को सौंपे गए प्रस्ताव में गुर्जर समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक मुद्दों को शामिल किया गया है। महामेधा नागर ने कहा कि गुर्जर समाज ने राष्ट्रहित और राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ खड़े रहते हुए प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में समाज की दीर्घकालिक अपेक्षाओं और भावनाओं को सरकार तक पहुंचाना उनका दायित्व है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग में रिक्त पद पर गुर्जर समाज के योग्य एवं अनुभवी प्रतिनिधि की नियुक्ति की मांग रखी। उनका कहना है कि इससे समाज के प्रतिनिधित्व को संस्थागत स्तर पर मजबूती मिल सकती है।

    वीरांगना धौला गुर्जरी के नाम पर महिला PAC वाहिनी का प्रस्ताव

    सात सूत्रीय प्रस्ताव में वीरांगना धौला गुर्जरी के नाम पर महिला PAC वाहिनी के नामकरण का सुझाव भी शामिल है। इसके लिए गाजियाबाद, बिजनौर अथवा शामली को संभावित स्थान के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। महामेधा नागर ने इसे महिला शक्ति और ऐतिहासिक योगदान के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि वीरांगनाओं और महिला नेतृत्व से जुड़े ऐतिहासिक चरित्रों को संस्थागत पहचान देना युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने का माध्यम बन सकता है।

    धन सिंह गुर्जर और विजय सिंह पथिक के सम्मान की मांग

    प्रस्ताव में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत कोतवाल धन सिंह गुर्जर और बिजौलिया किसान आंदोलन के नायक विजय सिंह पथिक जैसे राष्ट्रनायकों के औपचारिक सम्मान की बात कही गई है। इन महापुरुषों के नाम पर स्मृति दिवस घोषित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है। इसका उद्देश्य ऐतिहासिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और क्षेत्र के स्वतंत्रता एवं सामाजिक आंदोलनों से जुड़े इतिहास को संस्थागत पहचान दिलाना बताया गया है।

    पश्चिमी यूपी में सियासी हलचल तेज, महामेधा नागर ने CM योगी से की मुलाकात

    गौतम बुद्ध नगर और सहारनपुर में छात्रावास का प्रस्ताव

    महामेधा नागर ने गौतम बुद्ध नगर और सहारनपुर में छात्रावास स्थापित करने का सुझाव भी दिया। प्रस्ताव के अनुसार इन छात्रावासों का नामकरण राजा नैन सिंह, जोगराज सिंह गुर्जर और प्रताप राव गुर्जर जैसे महापुरुषों के नाम पर किए जाने की अनुशंसा की गई है। उनका कहना है कि छात्रावासों की स्थापना से ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकता है और उच्च शिक्षा तक उनकी पहुंच आसान हो सकती है।

    युवाओं के लिए शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान की मांग

    प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा गौतम बुद्ध नगर में शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना से संबंधित है। इसमें सुझाव दिया गया है कि संस्थान में पूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन में युवाओं को पुलिस, अर्धसैनिक बलों और सेना की भर्ती परीक्षाओं के लिए व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाए। महामेधा नागर के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में युवा सुरक्षा बलों में भर्ती होकर देश की सेवा करने की इच्छा रखते हैं। ऐसे में उन्हें गुणवत्तापूर्ण शारीरिक एवं भर्ती प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए एक संस्थागत व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।

    दो कॉलेजों को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा देने की अनुशंसा

    सात सूत्रीय प्रस्ताव में गोचर महाविद्यालय, रामपुर मनिहारान (सहारनपुर) और मिहिर भोज स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दादरी (गौतम बुद्ध नगर) को डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान करने की अनुशंसा भी की गई है। महामेधा नागर का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत संस्थानों का विकास आवश्यक है। ऐसे संस्थानों को उच्च दर्जा मिलने से क्षेत्र में शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

    पंचायत व्यवस्था की पुनर्समीक्षा का सुझाव

    प्रस्ताव के सातवें बिंदु में गौतम बुद्ध नगर में पंचायत व्यवस्था की पुनर्समीक्षा करने तथा ग्रामीण प्रतिनिधित्व को और अधिक मजबूत बनाने का सुझाव दिया गया है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं और प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर नए सिरे से विचार करने की बात कही गई है।

    युवा और महिला सशक्तिकरण को बताया प्राथमिकता

    बैठक के दौरान जेन-ज़ी पीढ़ी की आकांक्षाओं, महिला सशक्तिकरण और समाज कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। महामेधा नागर ने कहा कि उनके प्रस्तावों के केंद्र में मुख्य रूप से युवा और महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि छात्रावास और शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान जैसी पहलें युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद कर सकती हैं। वहीं महिला PAC वाहिनी का नाम वीरांगना धौला गुर्जरी के नाम पर रखने का प्रस्ताव महिला शक्ति के सम्मान का प्रतीक बन सकता है।

    महामेधा नागर ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने नारी शक्ति और युवा शक्ति को शासन की प्राथमिकताओं के केंद्र में स्थापित किया है। गुर्जर समाज की भावनाओं एवं अपेक्षाओं को उनके समक्ष रखना मेरे लिए गर्व का विषय है। मुझे विश्वास है कि इन प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार होगा और इससे समाज का शासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।”

    कौन हैं महामेधा नागर?

    महामेधा नागर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की पूर्व सचिव और भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री हैं। महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उनके सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन अभियान को भी पहचान मिली है। युवा और महिला सशक्तिकरण उनके सार्वजनिक जीवन के प्रमुख कार्यक्षेत्रों में शामिल हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री की ओर से सातों प्रस्तावों पर किसी निर्णय या घोषणा की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अब इन प्रस्तावों पर शासन स्तर से होने वाली आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article