34.4 C
Greater Noida
Friday, May 15, 2026
More

    भारत शिक्षा एक्सपो-2026 का 14-16 मई 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन, भारत शिक्षा एक्सपो 2026 विद्यार्थियों को सही कोर्स, कॉलेज और करियर के मार्गदर्शन को तैयार

    India Education Expo-2026 will be organized from 14-16 May 2026 at India Expo Center and Mart, Greater Noida. India Education Expo 2026 is ready to guide the students for the right course, college and career.

    Must read

    गौतमबुद्धनगर, द न्यूज क्लिक। भारत शिक्षा एक्सपो-2026 के तृतीय संस्करण का 14-16 मई 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा आयोजन होगा, जिसको लेकर आज अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने इंडिया एक्सपो मार्ट के सभागार में पत्रकार बंधुओ के साथ वार्ता करते हुए कहा कि कक्षा 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों के घोषित होने के साथ ही लाखों विद्यार्थियों अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक सही कोर्स, कॉलेज और करियर के चयन की तैयारी में जुट जाते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में, भारत शिक्षा एक्सपो 2026 का तीसरा संस्करण विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए शिक्षा मार्गदर्शन, करियर काउंसलिंग और अकादमिक अवसरों की जानकारी का एक व्यापक मंच लेकर आ रहा है।

    भारत शिक्षा एक्सपो 2026 को भारत और विदेशों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में स्पष्ट और विश्वसनीय जानकारी प्रदान करने हेतु एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। यह आयोजन विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है, जिन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा दी है या दे रहे हैं और उपयुक्त कॉलेज, विश्वविद्यालय एवं प्रोफेशनल कोर्स की तलाश कर रहे हैं। साथ ही, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जो स्ट्रीम चयन और भविष्य की करियर संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन चाहते हैं, वे भी विशेषज्ञों से व्यक्तिगत परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

      इसके अतिरिक्त, भारत शिक्षा एक्सपो 2026 के साथ औपचारिक रूप से साझेदारी कर रहे फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FOEII) द्वारा विश्व गुरु सम्मेलन का आयोजन और संचालन किया जाएगा। यह सम्मेलन एक उच्चस्तरीय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संवाद मंच के रूप में परिकल्पित है, जिसका उद्देश्य भारत की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे परिवर्तन, नवाचार और वैश्विक ज्ञान नेतृत्व की दिशा में उसकी प्रगति पर सार्थक चर्चा को आगे बढ़ाना है।
    
     इस एक्सपो में देश-विदेश के प्रमुख विश्वविदयालय, कॉलेज, स्कूल, एडटेक कंपनियाँ, स्किल डेवलपमेंट संस्थान, स्टडी-अब्रॉड कंसल्टेंटस और शिक्षा सेवा प्रदाता एक ही छत के नीचे एकत्र होंगे। आगंतुकों को अधिकारियों, शिक्षाविदों और करियर विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे वे इंजीनियरिंग, चिकित्सा, कानून, प्रबंधन, डिजाइन, लिबरल आर्टस, कृत्रिम बुद्धिमता, डेटा साइंस और व्यावसायिक शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
    
     एक्सपो में भाग लेने वाले विद्यार्थी और अभिभावक विभिन्न संस्थानों की तुलना कर सकेंगे, प्रवेश प्रक्रियाओं को समझ सकेंगे, छात्रवृत्ति के अवसरों की जानकारी ले सकेंगे और उद्योग की वर्तमान मांगों के अनुरूप उभरते करियर विकल्पों का पता लगा सकेंगे। समर्पित काउंसलिंग सत्र और करियर आकलन गतिविधियों विद्यार्थियों को उनकी रुचियों, क्षमताओं और उपयुक्त शैक्षणिक मार्ग की पहचान करने में सहायता करेंगी।
    
      भारत शिक्षा एक्सपो 2026 का एक प्रमुख आकर्षण इसका समृद्ध सम्मेलन कार्यक्रम होगा, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा ज्ञानवर्धक सत्र, पैनल चर्चाएँ, मास्टरक्लास, क्विज, क्रिएथॉन, हैकाथॉन, लॉन्चायॉन, एग्रीथॉन, आइडियाथॉन, कोडथॉन, स्पेसटेक और विशेष प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएँगी। प्रमुख सत्रों में "Join IIT Madras Without JEE", "NEP 2020 in Action", "Al Advantage for Personalized Learning in Education", "Shaping the Future of Learning: Bridging Indian Education with Global Opportunities" तथा "Al-Driven Transformation of Higher Education, Jobs and Society" शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, प्रिंसिपल्स मीट, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित नाटय प्रस्तुति और पुरस्कारों सहित समापन सत्र भी आयोजित किए जाएँगे।
    
     यह एक्सपो राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप है, जो बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, डिजिटल एकीकरण और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती है। इस मंच के माध्यम से भारत शिक्षा एक्सपो विद्यार्थियों की आकांक्षाओं को विकसित हो रहे शिक्षा परिदृश्य से जोड़ते हुए उन्हें अपने भविष्य के लिए सूचित और सशक्त निर्णय लेने में सहायता करेगा।
    
      इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि सही कोर्स और संस्थान का चयन किसी भी विद्यार्थी के शैक्षणिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय होता है। उन्होंने कहा कि भारत शिक्षा एक्सपो विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक विश्वसनीय मंच प्रदान करता है, जहाँ वे सीधे संस्थानों और विशेषज्ञों से संवाद कर आत्मविश्वास के साथ सही निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन उन स्कूली विद्यार्थियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी है जो विषय चयन और दीर्घकालिक करियर विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। शिक्षाविदों, काउंसलरों और संस्थानों को एक मंच पर लाकर यह एक्सपो भारत की नई पीढ़ी को व्यावहारिक मार्गदर्शन और सार्थक दिशा प्रदान करने का प्रयास करता है।
    
     तेजी से बदलते शिक्षा परिदृश्य और विभिन्न क्षेत्रों में उभरते नए करियर विकल्पों के बीच, भारत शिक्षा एक्सपो 2026 विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए एक समयोचित और अत्यंत उपयोगी मंच सिद्ध होगा। यह आयोजन महत्वपूर्ण शैक्षणिक और करियर निर्णय लेने से पहले स्पष्ट जानकारी प्राप्त करने, प्रश्न पूछने और विशेषज्ञों से विश्वसनीय मार्गदर्शन पाने का अनूठा अवसर प्रदान करता है।
    
     भारत शिक्षा एक्सपो 2026 देशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और शिक्षा जगत से जुड़े पेशेवरों को इस परिवर्तनकारी शिक्षा एवं करियर मार्गदर्शन मंच का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता है।
    
       इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, इंडिया एक्सपो मार्केट के सीईओ संदीप सरकार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article