34.7 C
Greater Noida
Friday, August 21, 2026
More

    Breaking News : कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर ABVP का बड़ा कदम, डीएम को सौंपा ज्ञापन, अग्नि सुरक्षा से लेकर एनओसी तक जांच की मांग

    ABVP's big step on the security of coaching institutions, memorandum submitted to DM, demand for investigation from fire safety to NOC

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ग्रेटर नोएडा इकाई ने जनपद गौतम बुद्ध नगर के सभी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और वैधानिक मानकों की व्यापक जांच कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

    ज्ञापन में हाल ही में लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड का उल्लेख करते हुए कहा गया कि ऐसी घटनाएं पूरे देश के लिए गंभीर चेतावनी हैं। परिषद ने मांग की कि गौतम बुद्ध नगर के सभी कोचिंग संस्थानों में विशेष अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण कराया जाए।
    अभाविप ने प्रशासन से फायर सेफ्टी सिस्टम, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, भवन की संरचनात्मक मजबूती, विद्युत सुरक्षा, वैध एनओसी, इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, सीसीटीवी कैमरे, डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण सहित सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

    इस अवसर पर अभाविप के प्रांत मंत्री गौरव गौड़ ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर देश के प्रमुख शिक्षा केंद्रों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी विभिन्न कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करने आते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और संस्थानों दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
    उन्होंने कहा कि यदि किसी कोचिंग संस्थान में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।

    अभाविप ने जिला प्रशासन से नियमित निरीक्षण अभियान चलाने और प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास कायम रहे। परिषद ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।

    ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संयोजक अमरेन्द्र सिंह, नगर मंत्री देवांश उपाध्याय, तहसील संयोजक तुषार छपराना, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राज कुमार जादोन, आदित्य तिवारी सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    More articles

    Latest article