ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक मंच देने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। ट्रेड शो के चौथे संस्करण को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्राधिकरण अधिकारियों के साथ उद्योग प्रतिनिधियों तथा फुनरवा और ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को ट्रेड शो में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया। साथ ही अधिक से अधिक शहरवासियों, उद्यमियों और उद्योग जगत के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
25 से 29 सितंबर तक होगा आयोजन
अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और विभिन्न औद्योगिक उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों और कारोबारियों के सामने प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो उद्यमियों, उत्पादकों और खरीदारों को व्यापारिक संभावनाओं का विस्तार करने के लिए एक व्यापक मंच उपलब्ध कराएगा। यहां उत्तर प्रदेश की विविधता और औद्योगिक क्षमता को एक ही स्थान पर देखा और समझा जा सकेगा।
ट्रेड शो में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
बैठक में बताया गया कि ट्रेड शो में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक लोग क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर ट्रेड शो में प्रवेश कर सकेंगे। आयोजकों ने बिजनेस विजिटर्स और आम दर्शकों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया है। बिजनेस विजिटर्स के लिए प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, जबकि आम दर्शकों के लिए प्रवेश दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा।
आयोजन स्थल पर दर्शकों के लिए निःशुल्क पार्किंग, रिटेल बिक्री और आकर्षक लकी ड्रॉ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। ट्रेड शो से संबंधित कार्यक्रमों, गतिविधियों और प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी UPITS-2026 मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी।

कई प्रमुख क्षेत्रों के उत्पाद होंगे प्रदर्शित
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक क्षमता के विभिन्न क्षेत्रों को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें ओडीओपी, ओडीओसी, युवा उद्यमी, एमएसएमई और स्टार्टअप के साथ-साथ डिफेंस एवं एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक वाहन, सिविल एविएशन एवं एमआरओ, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी तथा औद्योगिक अवस्थापना परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, रिटेल, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, शिक्षा एवं कौशल विकास, प्रिंट एवं पैकेजिंग, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, हॉर्टिकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग, फिशरी एवं पशुपालन, फार्मा एवं हेल्थकेयर, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन से जुड़े उत्पाद एवं सेवाएं भी प्रदर्शित की जाएंगी।
वहीं हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, खादी एवं टेक्सटाइल, वुडवर्क एवं फर्नीचर, स्पोर्ट्स, टॉयज एवं बेबी केयर, लेदर गुड्स एवं फुटवियर तथा टूरिज्म एवं फिल्म क्षेत्र भी ट्रेड शो का हिस्सा होंगे।
आरडब्ल्यूए और उद्यमियों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दूबे ने फुनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा एवं ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ ही जनपदवासियों और उद्यमियों से ट्रेड शो में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति और व्यंजनों को करीब से जानने के साथ-साथ प्रदेश के औद्योगिक एवं व्यापारिक अवसरों को समझने का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, रजिस्ट्रार फर्म, सोसाइटी एवं चिट्स निखलेश राजन, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह और सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

