31.1 C
Greater Noida
Monday, September 14, 2026
More

    NTPC Dadri News : एनटीपीसी दादरी में हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ, कर्मचारियों ने लिया हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प, 14 से 28 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं, कर्मचारियों के साथ विद्यार्थी एवं गृहिणियां भी लेंगी भाग

    श्री ए.के. मिश्र, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी दादरी ने अपना हिंदी संदेश प्रस्तुत किया। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यालयीन कार्यों को सरल और प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

    Must read

    ग्रेटर नोएडा/दादरी, द न्यूज क्लिक। हिंदी दिवस के अवसर पर एनटीपीसी दादरी में सोमवार, 14 सितंबर 2026 को हिंदी पखवाड़ा-2026 के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया गया। इस दौरान एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंदी को दैनिक कार्यप्रणाली का अधिक अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमडी, एनटीपीसी के संदेश के वाचन से हुआ। जीएम (ओएंडएम) ने सीएमडी का संदेश उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष पढ़कर सुनाया। संदेश के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।

    इस अवसर पर श्री ए.के. मिश्र, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी दादरी ने अपना हिंदी संदेश प्रस्तुत किया। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यालयीन कार्यों को सरल और प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने तथा दैनिक कार्यालयीन गतिविधियों में हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग का संकल्प भी दिलाया।

    14 से 28 सितंबर तक चलेगा हिंदी पखवाड़ा

    एनटीपीसी दादरी में हिंदी पखवाड़ा 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार, राजभाषा के प्रति जागरूकता और हिंदी में कार्य करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान हिंदी निबंध लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ, चित्र पहेली, प्रश्नोत्तरी, हिंदी ज्ञान प्रश्नोत्तरी, स्वरचित हिंदी कविता, पत्र लेखन, ऑनलाइन हिंदी क्विज और लोकगीत प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    कर्मचारी, विद्यार्थी और गृहिणियां भी लेंगी हिस्सा

    हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में एनटीपीसी दादरी के कर्मचारियों के साथ विद्यार्थियों एवं गृहिणियों को भी भाग लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों में हिंदी के प्रति रुचि पैदा करना और हिंदी भाषा के प्रयोग को प्रोत्साहित करना है। एनटीपीसी दादरी प्रबंधन की ओर से आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ कर्मचारियों और उनके परिवारों को भी हिंदी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए प्रतिभागियों को अपनी भाषा संबंधी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी मिलेगा।

    उद्घाटन समारोह के दौरान एनटीपीसी दादरी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। हिंदी पखवाड़े के आगामी कार्यक्रमों को लेकर कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों में उत्साह देखा गया।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article