ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्धनगर की ओर से सेक्टर-31, इकोटेक-1 स्थित मुख्य कार्यालय में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में उद्यमियों, उद्योगों के कर्मचारियों, महिलाओं, बच्चों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर, कारगिल युद्ध के शौर्य पदक विजेता पूर्व मेजर राकेश शर्मा, भारतीय नौसेना के पदक विजेता पूर्व कैप्टन जयपाल सिंह भाटी, वरिष्ठ समाजसेवी राहुल नंबरदार तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों ने IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय और एसोसिएशन की टीम के साथ ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ से गूंजा परिसर
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ। इसके बाद ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा औद्योगिक परिसर गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। समारोह में देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही इकोटेक-3 स्थित एक फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले दो अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मौजूद विशिष्ट अतिथियों ने बच्चों के उत्साह की सराहना की। पूर्व मेजर राकेश शर्मा, पूर्व कप्तान निर्मल तंवर, पूर्व कैप्टन जयपाल सिंह भाटी, समाजसेवी राहुल नंबरदार और डॉ. राजेश शर्मा ने अपने संबोधनों में युवाओं, उद्यमियों और आम नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

‘स्वतंत्रता केवल उत्सव नहीं, जिम्मेदारी भी है’
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने सभी अतिथियों, उद्यमियों, कर्मचारियों, महिलाओं, बच्चों और उपस्थित नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि करोड़ों वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की अमूल्य विरासत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह व्यक्तिगत हित से ऊपर राष्ट्रहित को रखे और भारत को आत्मनिर्भर, विकसित एवं समृद्ध राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि यही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बड़ी संख्या में उद्यमियों ने लिया हिस्सा
समारोह में IBA महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, उपाध्यक्ष सुधीर त्यागी, कार्यकारिणी सदस्य संजय त्यागी, संजय पांचाल, ऋतु चौहान, ऋषिका उपाध्याय, दक्ष शर्मा, संजीव चौहान और सुभाष चौहान सहित सैकड़ों उद्यमी, कर्मचारी, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ हुआ। इस दौरान पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और एकता के रंग में रंगा नजर आया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित, समाजहित और जनहित को प्राथमिकता देते हुए भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

