30.7 C
Greater Noida
Friday, August 21, 2026
More

    Police News : ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार: विदेशी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार, 14 लाख की MDMA बरामद

    Police's big blow to drug smuggling in Greater Noida: Three arrested including foreign national, MDMA worth Rs 14 lakh recovered

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बीटा-2 पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 143 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।
    पुलिस के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार को सेक्टर चाई-4 स्थित जनता फ्लैट सर्विस रोड पर संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अरुण कसाना निवासी गाजियाबाद, अतुल सिंह निवासी सम्पूर्णम सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा तथा नाइजीरिया के नागरिक चिडुबेम स्टेनली को गिरफ्तार किया गया।

    दिल्ली-एनसीआर की सोसायटियों में बेचते थे ड्रग्स

    पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आवासीय सोसायटियों में घूम-घूमकर एमडीएमए की छोटी-छोटी पुड़ियां तैयार कर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का संचालन मुख्य रूप से चिडुबेम स्टेनली कर रहा था, जबकि अन्य आरोपी उसकी मदद से ड्रग्स की सप्लाई और बिक्री करते थे।

    मुख्य आरोपी पहले भी जा चुका है जेल

    जांच में सामने आया है कि नाइजीरियाई नागरिक चिडुबेम स्टेनली के खिलाफ वर्ष 2025 में दिल्ली क्राइम ब्रांच द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। वह उस मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर था और इसी दौरान फिर से ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय हो गया।

    नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच शुरू

    थाना बीटा-2 पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं तथा विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि कुमार निम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एमडीएमए की खेप कहां से लाई जाती थी, किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

    पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और ड्रग्स तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।

    More articles

    Latest article