ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (GIMS) की ओर से पीजीडीएम बैच 2026-28 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर के ऑडिटोरियम में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। ‘गो ग्लैम’ थीम पर हुए कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैंप वॉक और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल फेम गायक सलमान अली की लाइव परफॉर्मेंस रही।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि एसीपी पवन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने का समय नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रबंधन ने किया विद्यार्थियों का स्वागत
जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता, सीईओ स्वदेश कुमार सिंह, मैनेजमेंट मेंबर वंश गुप्ता और GIMS के डायरेक्टर डॉ. भूपेंद्र कुमार सोम ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। चेयरमैन डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कॉर्पोरेट क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर जोर देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी संस्थान की प्राथमिकता है। वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता ने विद्यार्थियों से अकादमिक गतिविधियों के साथ सह-पाठ्यक्रम और कॉर्पोरेट गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने संचार कौशल, टीमवर्क, नेतृत्व और व्यावहारिक ज्ञान को करियर के लिए महत्वपूर्ण बताया।
डायरेक्टर डॉ. भूपेंद्र कुमार सोम ने कहा कि पीजीडीएम विद्यार्थियों को सीखने और अपने करियर को दिशा देने का अवसर देता है। उन्होंने संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
रैंप वॉक में विद्यार्थियों ने दिखाया आत्मविश्वास
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विद्यार्थियों ने संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद रैंप वॉक हुआ, जिसमें पीजीडीएम बैच 2026-28 के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। रैंप वॉक के आधार पर विद्यार्थियों को अलग-अलग श्रेणियों में खिताब भी दिए गए। इनमें मिस्टर फ्रेशर, मिस फ्रेशर, मिस्टर शो स्टॉपर, मिस शो स्टॉपर, मिस्टर मैवरिक और मिस फैशनिस्टा शामिल रहे।
सलमान अली की लाइव परफॉर्मेंस पर झूमे विद्यार्थी
कार्यक्रम में सलमान अली की लाइव प्रस्तुति ने विद्यार्थियों का खासा मनोरंजन किया। उन्होंने लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए, जिन पर विद्यार्थियों ने तालियों और उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी। प्रस्तुति के दौरान ऑडिटोरियम में मौजूद विद्यार्थी संगीत का आनंद लेते नजर आए। सलमान अली की प्रस्तुति के साथ फ्रेशर्स पार्टी का सांस्कृतिक और मनोरंजन सत्र संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थी, संकाय सदस्य, कर्मचारी और आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे।
आयोजन के जरिए नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों से परिचित होने का अवसर मिला। साथ ही रैंप वॉक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

