ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। सेक्टर पाई-1, ऐच्छर-बिरौड़ा स्थित श्री धार्मिक रामलीला मैदान में रविवार को श्री धार्मिक रामलीला-2026 के भव्य आयोजन को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और रामलीला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस वर्ष रामलीला का मंचन 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए परंपरागत रामलीला को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में और गोस्वामी सुशील जी महाराज के दिशा-निर्देशन में रामलीला का मंचन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस बार राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर के श्रेष्ठ कलाकार रामलीला की विभिन्न लीलाओं का मंचन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से जोड़ना है।
नई पीढ़ी को संस्कार और चरित्र से जोड़ने का प्रयास
कमेटी के अध्यक्ष आनंद भाटी ने कहा कि आज की पीढ़ी को केवल धन-संपत्ति देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें संस्कार, चरित्र और जीवन मूल्यों से जोड़ना भी जरूरी है। भगवान श्रीराम का जीवन और उनका चरित्र पूरे मानव समाज के लिए आदर्श है। उन्होंने कहा कि रामलीला और दशहरा महोत्सव केवल मनोरंजन के आयोजन नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से परिवारों और विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को सनातन संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है। श्री धार्मिक रामलीला कमेटी इसी उद्देश्य को लेकर लगातार कार्य कर रही है।
60 वर्ष के अनुभव वाले निर्देशक के निर्देशन में मंचन
कमेटी की महासचिव ममता तिवारी ने बताया कि इस वर्ष रामलीला के निर्देशक को करीब 60 वर्षों का अनुभव है। उनका प्रयास रामलीला के मंचन को विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर के बच्चों और युवाओं की रुचि को ध्यान में रखते हुए मंचन की प्रस्तुति को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल केवल आकर्षण बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि कथा को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के लिए किया जाएगा, ताकि दर्शक भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, उनके संघर्ष, त्याग, मर्यादा और जीवन मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
350 फीट लंबे बहुमंजिला मंच पर होगा मंचन
कमेटी के संस्थापक राजकुमार नागर ने बताया कि इस बार रामलीला में 100 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे। मंचन के लिए करीब 350 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा बहुमंजिला मंच तैयार किया जा रहा है। मंच पर आधुनिक प्रकाश एवं ध्वनि तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि विशाल मंच और अत्याधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं के जरिए रामलीला के विभिन्न प्रसंगों को बड़े और प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इससे दर्शकों को पारंपरिक धार्मिक आयोजन के साथ आधुनिक मंचीय प्रस्तुति का अनुभव भी मिलेगा।
तीन विशाल एलईडी स्क्रीन दिखाएंगी ग्राफिक्स और दृश्य प्रभाव
संस्थापक प्रदीप शर्मा पंडित ने बताया कि विशाल मंच की पृष्ठभूमि में तीन बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न प्रसंगों से जुड़े ग्राफिक्स, दृश्य और विशेष प्रभाव प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य दर्शकों को अधिक प्रभावशाली दृश्य अनुभव देना है। एलईडी स्क्रीन, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और ध्वनि तकनीक के समन्वय से मंचन को थिएटर जैसा अनुभव देने का प्रयास किया जाएगा।
परंपरा और आधुनिक तकनीक का होगा संगम
संस्थापक शेर सिंह भाटी ने कहा कि रामलीला के शुभारंभ से लेकर दशहरा महोत्सव तक पूरा आयोजन भव्य स्वरूप में किया जाएगा। इस बार भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन के साथ देश की कई प्रमुख हस्तियों को भी आयोजन से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता पारंपरिक रामलीला और आधुनिक तकनीक का समन्वय होगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को केंद्र में रखते हुए तकनीक के माध्यम से प्रस्तुति को नई पीढ़ी के लिए अधिक आकर्षक और प्रभावशाली बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
भूमि पूजन में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तेजपाल नागर और विशिष्ट अतिथि ईश्वर दयाल मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर अभिषेक शर्मा, भाजपा वरिष्ठ नेता बिजेंद्र भाटी, राजे कसाना, रामप्रकाश मावी, गीता पंडित, पंकज रोसा, सुनील चावड़ा, दीपक भाटी, वीरेंद्र रोसा, प्रमोद भाटी, मुकेश नागर, नरेंद्र नागर, इलम सिंह नागर, राजेश भाटी तथा सरदार गुरु दीप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर संस्थापक गोस्वामी सुशील जी महाराज, राजकुमार नागर, प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, संरक्षक हरवीर मावी, सुशील नागर, बालकिशन सफीपुर, धीरेंद्र भाटी, पवन नागर, दिनेश गुप्ता, अध्यक्ष आनंद भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, मीडिया प्रभारी अतुल आनंद और वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश गौतम सहित कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक चलने वाला श्री धार्मिक रामलीला-2026 धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। भव्य मंच, देश-प्रदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियां, आधुनिक प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से इस वर्ष रामलीला को पहले से अधिक प्रभावशाली बनाने की तैयारी है।

