नोएडा, द न्यूज क्लिक। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लक्ष्मी नारायण मंदिर, ए-2 सेक्टर-56, नोएडा में भारतीय सेना के अमर शहीदों को अनूठी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंदिर परिसर में आयोजित विशाल रक्तदान महोत्सव में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान के माध्यम से देश के वीर जवानों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान भारतीय सेना की ब्लड बैंक टीम स्वयं मौजूद रही और रक्त संग्रह का कार्य संपन्न कराया।
रक्तदान शिविर में कुल 166 लोग रक्तदान के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य मानकों के अनुसार 25 लोगों को बाद में आने की सलाह दी गई, जबकि 141 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक एकत्र किया गया। आयोजकों ने इसे समाज सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कई पत्रकारों ने भी स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
रक्तदान के साथ नेत्र व अंगदान का भी लिया संकल्प
इस विशेष आयोजन में केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि एम्स नई दिल्ली की टीम द्वारा नेत्रदान और अंगदान जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 20 लोगों ने नेत्र एवं अंगदान का संकल्प लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया। विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को अंगदान और नेत्रदान के महत्व के बारे में जानकारी दी और बताया कि एक व्यक्ति का यह संकल्प कई लोगों को नया जीवन दे सकता है।
सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने बढ़ाया उत्साह
रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए कई सामाजिक संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में पहुंचे। इनमें विपिन मल्हन, वी.के. सेठ (एनईए), दीपक विग (पंजाबी विकास मंच), संजीव पुरी, के.के. जैन (फोनरवा), संजय मावी (आरडब्ल्यूए सेक्टर-56) तथा हरीश जुगरान (नया बांस सोसायटी) सहित अनेक गणमान्य लोगों ने रक्तदाताओं का सम्मान बढ़ाया और अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
मंदिर समिति ने सहयोगियों का किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति ने समाजसेवा में विशेष योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया। मंदिर के लिए 10 किलोवाट सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने में सहयोग देने पर हरीश जुगरान तथा मंदिर की अन्नपूर्णा रसोई में चिमनी की व्यवस्था कराने में सहयोग देने पर विनोद कुमारी बंसल को सम्मानित किया गया। यह सम्मान विपिन मल्हन और मंदिर समिति के प्रधान आर.एन. गुप्ता द्वारा प्रदान किया गया।
स्वयंसेवकों और सेना की टीम का जताया आभार
आयोजन की सफलता में लगभग 10 सदस्यीय ब्लड डोनेशन टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस टीम का नेतृत्व मंदिर समिति के सदस्य और इस अभियान के मुख्य प्रेरक ए.के. गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में डॉ. कर्नल योगेश मानिकतला, करण अनेजा, अभिषेक जैन, सुशील रियू, नितिन गुप्ता, अशोक त्यागी, निर्मल हांडा, मंजू सेठ, मधु भट्ट, वंदना बंसल सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय योगदान दिया।
समापन अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भारतीय सेना की ब्लड बैंक टीम, एम्स नई दिल्ली की टीम, सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजकों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर रक्तदान और अंगदान का यह अभियान शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ समाज में सेवा, मानवता और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करता है।

