33.1 C
Greater Noida
Saturday, October 10, 2026
More

    Greater Noida Ramlila 2026: 11 अक्टूबर से विजय महोत्सव का आगाज, 800 बच्चे देंगे रंगारंग प्रस्तुति; 20 अक्टूबर को होगा रावण दहन

    कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि इस बार रामलीला मंचन के साथ विशाल मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में जयंती कैटर्स सहित विभिन्न खानपान स्टॉल लगाए जाएंगे। मनोरंजन के लिए नए झूले, नाव, कोलंबस, मारुति कार सर्कस और खरीदारी के लिए अनेक स्टॉल भी होंगे।

    Must read

    श्री रामलीला कमेटी ने प्रेस वार्ता में दी तैयारियों की जानकारी, 12 से 21 अक्टूबर तक होगा रामलीला मंचन; विशाल मेले में झूले, खानपान और खरीदारी के स्टॉल भी होंगे आकर्षण

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक । ग्रेटर नोएडा के रामलीला मैदान, साइट-4 में श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित होने वाले विजय महोत्सव-2026 का आगाज 11 अक्टूबर को भक्ति और देशभक्ति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रमों के साथ होगा। इस कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों एवं अकादमियों के लगभग 800 बच्चे अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन को लेकर कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में रामलीला मैदान में प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

    भक्ति और देशभक्ति की प्रस्तुतियों से होगा शुभारंभ

    कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी महोत्सव की शुरुआत बच्चों के रंगारंग कार्यक्रमों से की जाएगी। शहर और देहात क्षेत्र के स्कूलों तथा अकादमियों के बच्चे भक्ति और देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।

    उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और उन्हें सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का मंच बनता है।

    12 से 21 अक्टूबर तक होगा रामलीला मंचन

    कमेटी के महासचिव विजेन्द्र सिंह आर्य ने बताया कि 12 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन रामलीला का मंचन किया जाएगा। साकेत कला मंच के 65 कलाकार रामलीला के विभिन्न प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे। दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के प्रमुख प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

    विजयदशमी पर होगा रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन

    कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके बाद रंगीन आतिशबाजी का आयोजन होगा, जो महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।

    सुरक्षा के लिए गार्ड और CCTV कैमरों की व्यवस्था

    कमेटी के संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि महोत्सव में आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिक्योरिटी गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि दर्शक परिवार के साथ कार्यक्रम का आनंद ले सकें।

    रामलीला के साथ लगेगा विशाल मेला

    कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि इस बार रामलीला मंचन के साथ विशाल मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में जयंती कैटर्स सहित विभिन्न खानपान स्टॉल लगाए जाएंगे। मनोरंजन के लिए नए झूले, नाव, कोलंबस, मारुति कार सर्कस और खरीदारी के लिए अनेक स्टॉल भी होंगे।

    महोत्सव के माध्यम से लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनोरंजन तथा खरीदारी का अवसर भी मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि बच्चों की प्रस्तुतियां, रामलीला मंचन और मेले के आकर्षण बड़ी संख्या में दर्शकों को अपनी ओर खींचेंगे।

    प्रेस वार्ता में कमेटी के सदस्य रहे मौजूद

    प्रेस वार्ता के दौरान कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, हरेंद्र भाटी, श्यामवीर भाटी, अमित गोयल, अरुण गुप्ता, मुकुल गोयल, गिरीश जिंदल, कमल सिंह आर्य, सुनील प्रधान, सुभाष चंदेल, मनोज यादव, अंकुर गर्ग, अतुल जैन, विशाल जैन और सुरेंद्र तायल सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article