ग्रेटर नोएडा वेस्ट, द न्यूज क्लिक। भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्ध नगर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ब्लूम इंटरनेशनल स्कूल में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ओडिशा भाजपा प्रभारी, पूर्व सांसद विजयपाल सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण को शासन का मूल आधार बनाया है। पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम वर्ष साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकास सरकार के लिए 24 घंटे और 365 दिन चलने वाला मिशन है और आज भारत पूरी दुनिया के सामने एक नई पहचान के साथ खड़ा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में करीब चार लाख किलोमीटर नई सड़कें बनाई गई हैं। साथ ही जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण वर्ष 2014 के बाद लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया।
अभियान के जिला संयोजक सत्येंद्र नागर ने बताया कि आयकर छूट की सीमा बढ़ाकर 12.75 लाख रुपये तक की गई है तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षाविद यशवीर नागर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरुण प्रधान, सरदीप नागर, जिला महामंत्री, धर्मेंद्र कोरी, संगीता तिवारी, डॉ. अंशु चक्रवर्ती, सीए अश्विनी गोयल, एडवोकेट संतराम भाटी, मंडल अध्यक्ष लोकेश त्यागी, भिखारी सिंह, संजीव शर्मा, रजनी तोमर, गायत्री तिवारी, मुकेश भाटी, बॉबी शर्मा, शिवकांत जाटव, सुजाता सिंह, गीता सिंह, कैप्टेन पंचशील, रीतिन नागर, शेखर नागर, जीतू, ममता तिवारी, प्रमोद श्रीवास्तव, मौजीराम नागर, एडवोकेट प्रभा कुशवाहा आदि सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

