गौतमबुद्धनगर, द न्यूज क्लिक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और समर्पण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह ने नोएडा सेक्टर-27 स्थित क्लब हाउस में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश सहित देश के करोड़ों जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचा है। इस अवसर पर माननीय सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर, माननीय भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, प्रदेश अध्यक्ष कार्य समिति सदस्य विनोद त्यागी, जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, सत्येंद्र नागर, क्षेत्रीय मंत्री आशीष वत्स, माननीय सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री नोएडा अमित त्यागी, ओमवीर अवाना, महामंत्री नोएडा चंदगीराम यादव, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन, प्राधिकरण तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया संस्थानों के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत तथा 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने वैश्विक मंच पर अपनी शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।
मीडिया संवाद में जनपद के प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज हम सभी एक विशेष अवसर पर एकत्र हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उस विकास यात्रा पर चर्चा करने के लिए उपस्थित हैं, जिसने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का कार्य किया है। इन 12 वर्षों की सबसे बड़ी ताकत देश की जनता का अटूट विश्वास और सरकार का सेवा भाव रहा है।
मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताया, वर्ष 2019 में पहले से भी बड़े जनादेश के साथ उस विश्वास को मजबूत किया और वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनकर जनता ने स्पष्ट कर दिया कि देश केवल वादों पर नहीं बल्कि विकास और कार्यों के आधार पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री जी ने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो यह दर्शाता है कि इस सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाएं हैं। प्रधानमंत्री जी का मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल नारा नहीं बल्कि जन आंदोलन बन चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक योजना का शत-प्रतिशत लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी का परिणाम है कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से सीधे बैंक खातों में लाभ पहुंचाने की व्यवस्था (DBT) लागू की गई, जिससे लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया गया और लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए गए। आज देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाईयों ने नए भारत की मजबूत इच्छाशक्ति को प्रदर्शित किया है। सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद लगातार समाप्त हो रहा है और रेड कॉरिडोर अब विकास के ग्रीन ग्रोथ जोन में परिवर्तित हो रहा है।
प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि गरीब कल्याण के क्षेत्र में सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं। कोरोना काल से लेकर अब तक 81 करोड़ से अधिक देशवासियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58 करोड़ से अधिक नागरिकों को सुरक्षा कवच प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 04 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से स्वच्छ जल पहुंचाया गया है तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को नई दिशा दी गई है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए पीएम स्वनिधि योजना के तहत 74 लाख से अधिक लोगों को ऋण उपलब्ध कराया गया है। मुद्रा योजना के अंतर्गत छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी 57 करोड़ से अधिक ऋण दिए गए हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से 30 लाख से अधिक कारीगरों को लाभ मिला है। जनजातीय समाज के विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपये का बजट तथा धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 79,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हित में पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे खातों में भेजे गए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से 07 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का सस्ता ऋण दिया गया है। कृषि ऋण सीमा को 03 लाख रुपये से बढ़ाकर 05 लाख रुपये किया गया है। मध्यम वर्ग को राहत देते हुए आयकर छूट की सीमा को बढ़ाकर 12.75 लाख रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना के माध्यम से 03 करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.5 करोड़ से अधिक खाते खोले गए हैं। सुरक्षा बलों में महिला अधिकारियों की संख्या 3000 से बढ़ाकर 11000 की गई है। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से 01 करोड़ घरों पर सोलर सिस्टम लगाए गए हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक भारत ने विकास की नई गति प्राप्त की है। प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट मानना है कि विकास का कार्य 24 घंटे, सातों दिन और 12 महीने चलने वाला मिशन है। आज देश की कार्य संस्कृति बदल चुकी है और जिस परियोजना का शिलान्यास किया जाता है उसका उद्घाटन भी इसी सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सड़क, रेल, बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से गांवों में लगभग 08 लाख किलोमीटर पक्की सड़कें बनी हैं, जिनमें करीब 04 लाख किलोमीटर सड़कें पिछले 12 वर्षों में बनी हैं। इन सड़कों ने किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाया है।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 109 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सूक्ष्म सिंचाई के दायरे में लाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार वर्ष 2014 के 91,287 किलोमीटर से बढ़कर लगभग 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है और प्रतिदिन 34 किलोमीटर से अधिक नए राजमार्ग बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चेन्नाब ब्रिज, नया पंबन ब्रिज और अटल टनल जैसी परियोजनाएं देश के इंफ्रास्ट्रक्चर की नई पहचान बनी हैं। भारतीय रेलवे में 99.6 प्रतिशत से अधिक ब्रॉडगेज विद्युतीकरण पूरा हो चुका है तथा 1337 से अधिक रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक बनाया जा रहा है। देश में 164 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जहां केवल 05 शहरों में 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क था, वहीं आज 26 से अधिक शहरों में 1095 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क विकसित हो चुका है। देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 से अधिक हो गई है और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन चुका है। उन्होंने कहा कि सौभाग्य योजना से हर घर तक बिजली पहुंचाई गई और भारतनेट परियोजना के माध्यम से 2.14 लाख ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ा गया है। पिछले 12 वर्षों में 23 नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी गई है तथा मिशन इंद्रधनुष के तहत 5.4 करोड़ से अधिक बच्चों का टीकाकरण किया गया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान मिली है। राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किया गया, इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, लोक कल्याण मार्ग, अमृत उद्यान और संसद में सेंगोल की स्थापना नए भारत की पहचान हैं। अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों के नाम परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखे गए तथा पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर श्री विजयपुरम किया गया। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक देशवासियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता कर्फ्यू, हर घर तिरंगा, एक पेड़ मां के नाम, फिट इंडिया मूवमेंट और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों ने देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत ने “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को विश्व स्तर पर साकार किया है। वैक्सीन मैत्री अभियान के माध्यम से 99 देशों तक दवाइयां पहुंचाकर भारत विश्वसनीय मित्र के रूप में उभरा। जी-20 की सफल अध्यक्षता, 39 नए दूतावासों की स्थापना और 70 लाख करोड़ रुपये से अधिक विदेशी निवेश यह दर्शाता है कि दुनिया भारत पर विश्वास कर रही है। 38 देशों के साथ किए गए 09 फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स ने किसानों और उद्योगों के लिए नए अवसर खोले हैं। आज 177 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि 10 जून का दिन भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि का दिन बनना है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान और वैश्विक सर्वेक्षणों में प्राप्त उच्च लोकप्रियता भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, विकसित, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

