39.3 C
Greater Noida
Sunday, June 28, 2026
More

    Big News : सीएम योगी का नोएडा दौरा: ₹390 करोड़ के नए प्राधिकरण भवन का उद्घाटन, वेस्ट यूपी को ₹2500 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात

    Must read

    नोएडा, द न्यूज क्लिक। सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के सेक्टर-96 में ₹390 करोड़ की लागत से बने नोएडा प्राधिकरण के नए भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही दादरी और नोएडा के लिए ₹2500 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गौतमबुद्ध नगर (नोएडा-ग्रेटर नोएडा) का दौरा कर विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। सीएम योगी ने नोएडा के सेक्टर-96 में ₹390 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बनकर तैयार हुए नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के भव्य और हाई-टेक नए मुख्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

    नवनिर्मित भवन और अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा:

    “काम करने के लिए एक विजन होना चाहिए और काम को जमीन पर उतारने के लिए ‘विल पावर’ यानी इच्छाशक्ति की जरूरत होती है। आज वही विजन और विल पावर गौतमबुद्ध नगर की धरती पर साफ दिखाई दे रहा है।”

    सीएम ने बीते वर्षों की तुलना करते हुए कहा कि आज से 9 वर्ष पहले का उत्तर प्रदेश क्या था और आज का उत्तर प्रदेश क्या है, यह विकास की ये तस्वीरें बयां करती हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए कहा, *”2017 से पहले मुख्यमंत्री नोएडा आने से डरते थे (अंधविश्वास के कारण)। मैं एक आध्यात्मिक व्यक्ति हूँ, लेकिन मैं ऐसे किसी रूढ़िवाद और अंधविश्वास को नहीं मानता।”

    बिल्डर-बायर और किसानों की समस्या का एक छत के नीचे होगा समाधान
    मुख्यमंत्री ने नोएडा के रियल एस्टेट क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि सालों से अटकी बिल्डर-बायर समस्या का उनकी सरकार ने व्यावहारिक रास्ता निकाला है। बीते 1 वर्ष में सवा लाख (1.25 लाख) बायर्स को आवास उपलब्ध कराया गया है, जबकि अब तक कुल 3 लाख बायर्स को उनके सपनों का मकान दिलाने में सरकार कामयाब रही है।

    उन्होंने भरोसा दिलाया कि नोएडा अथॉरिटी को अपना स्थाई और सर्वसुविधायुक्त भवन मिल जाने से जनता, किसानों और उद्यमियों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। अब हर समस्या का समाधान इसी एक छत के नीचे प्राप्त होगा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अथॉरिटी की सभी सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया जाए ताकि पारदर्शिता और बढ़े।

    कोरिया के सहयोग से ₹7,000 करोड़ का निवेश, जेवर एयरपोर्ट पर बड़ा अपडेट
    ग्रेटर नोएडा को ग्लोबल हब बनाने की दिशा में सीएम योगी ने एक और बड़ी आधारशिला रखी। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में ‘इलेक्ट्रॉनिक सर्किट’ का शिलान्यास किया। कोरिया के एक बड़े ग्रुप के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट के जरिए ₹7,000 करोड़ के भारी निवेश की नींव रखी गई है।

    जेवर एयरपोर्ट (Jewar Airport) पर बड़ा अपडेट देते हुए सीएम ने कहा कि यहाँ से कमर्शियल डोमेस्टिक फ्लाइट्स की शुरुआत हो चुकी है और कुछ ही दिनों के भीतर यहाँ से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें (International Flights) भी शुरू हो जाएंगी।

    मुख्यमंत्री ने मंच से नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को कड़े लहजे में हिदायत दी कि जिन लोगों ने अथॉरिटी से उद्योग या विकास के नाम पर जमीन ली है, लेकिन वहां अब तक कोई निवेश नहीं किया है, उन्हें तत्काल चिन्हित किया जाए। एक निश्चित समय सीमा के बाद ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर जमीन वापस ली जाए और नए निवेशकों को आवंटित कर नया लैंड बैंक तैयार किया जाए।

    इस ऐतिहासिक सौगात और जनसभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सेक्टर-96 स्थित कार्यक्रम स्थल से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article