44.1 C
Greater Noida
Sunday, June 28, 2026
More

    Good News : यथार्थ हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 100 से अधिक लोगों ने उठाया विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श का लाभ

    Free health camp organised by the hospital, more than 100 people took advantage of specialist medical consultation

    Must read

    नोएडा, द न्यूज क्लिक। यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-110, नोएडा द्वारा रविवार को एक निःशुल्क ओपीडी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना तथा गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान सुनिश्चित करना रहा।

    शिविर में इंटरनल मेडिसिन एवं यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया। इस दौरान मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप, थायरॉइड विकार, बुखार, सर्दी-जुकाम, फ्लू, श्वसन एवं पाचन संबंधी रोगों के अलावा यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यूटीआई), किडनी स्टोन, प्रोस्टेट रोग, यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस, पुरुष बांझपन, ओवरएक्टिव ब्लैडर तथा लीवर एवं किडनी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के लिए विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराई गई।

    स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के ब्लड प्रेशर (BP), रैंडम ब्लड शुगर (RBS), ऑक्सीजन सैचुरेशन (SpO₂), लंबाई, वजन, बॉडी मास इंडेक्स (BMI) और यूरिन रूटीन जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक उपचार संबंधी सलाह देने के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

    डॉ. पल्लव मिश्रा, सीनियर कंसल्टेंट (इंटरनल मेडिसिन), ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर और थायरॉइड जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। यदि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तो इन बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर प्रभावी उपचार संभव है, जिससे गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

    वहीं डॉ. विपिन सिसोदिया, सीनियर कंसल्टेंट एवं रोबोटिक सर्जन (यूरोलॉजी), ने कहा कि किडनी, मूत्राशय और प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याओं को अक्सर लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने और नियमित जांच कराने से अधिकांश यूरोलॉजिकल बीमारियों का सफल उपचार संभव है। उन्होंने पर्याप्त पानी पीने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी।

    शिविर में पहुंचे लोगों ने यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं, क्योंकि इससे लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श और आवश्यक जांच का लाभ आसानी से मिल जाता है।

    हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी जन-जागरूकता बढ़ाने और लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article