ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्र में विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में Kyndryl एवं AWS Academy के सहयोग से ‘AI ASCEND 2026: Agentic Unplugged’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर उद्योग और शिक्षा जगत के विशेषज्ञों ने छात्रों को नई तकनीकों, वैश्विक करियर अवसरों और डिजिटल युग की बदलती जरूरतों से परिचित कराया।
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस और विश्व की अग्रणी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर सेवा कंपनी Kyndryl के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर रहे। इस साझेदारी पर संस्थान की ग्रुप डायरेक्टर डॉ. वंदना अरोड़ा सेठी तथा डॉ. राज मोहन सी., डायरेक्टर–बिजनेस हेड एवं इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियन, Kyndryl ने हस्ताक्षर किए।
विद्यार्थियों को मिलेंगे विश्वस्तरीय अवसर
इस एमओयू के तहत विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन सहित अन्य अत्याधुनिक तकनीकों में उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप, हैकाथॉन, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, अंतरराष्ट्रीय स्तर के सर्टिफिकेशन, संयुक्त शोध परियोजनाओं और बेहतर प्लेसमेंट के अवसर भी उपलब्ध होंगे। इसके अलावा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम और उद्योग-अकादमिक सहयोग को भी इस साझेदारी के माध्यम से नई मजबूती मिलेगी।
विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का भी आयोजन
कार्यक्रम के दौरान Kyndryl द्वारा लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
विशेषज्ञों ने साझा किए भविष्य के तकनीकी ट्रेंड्स
मुख्य वक्ता डॉ. राज मोहन सी. ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भविष्य की उभरती तकनीकों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। वहीं AWS Academy की ओर से सुश्री प्रतिभा सिंह एवं सुश्री आकांक्षा राय शर्मा ने विद्यार्थियों को क्लाउड टेक्नोलॉजी, AWS Academy के प्रशिक्षण कार्यक्रमों और वैश्विक करियर संभावनाओं की जानकारी दी।
विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम
ग्रुप डायरेक्टर डॉ. वंदना अरोड़ा सेठी ने कहा कि लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस हमेशा गुणवत्तापूर्ण और उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि Kyndryl जैसी वैश्विक कंपनी के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन, लाइव प्रोजेक्ट्स और बेहतर प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराएगी, जिससे वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार हो सकेंगे।
वहीं प्रो. (डॉ.) एस.पी. द्विवेदी, डिप्टी डायरेक्टर, लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने कहा कि यह समझौता केवल एक औपचारिक एमओयू नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इसके माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान, उद्योग आधारित अनुभव, शोध, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत होगा समन्वय
कार्यक्रम में सुश्री मीनाक्षी कल्याण कुमार (Transformation & University Program Lead, Kyndryl), सुश्री दिव्या दीक्षित (Placement Head), संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
यह आयोजन उद्योग और शिक्षा के बीच सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। साथ ही इसने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों, नवाचार, कौशल विकास और वैश्विक करियर अवसरों से जोड़ने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया।

