32.7 C
Greater Noida
Tuesday, July 7, 2026
More

    Breaking News : पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने किया नोएडा सिटीजन फोरम के कैंप कार्यालय का उद्घाटन, प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनभागीदारी की मांग को दिया समर्थन

    Former Governor Kalraj Mishra inaugurates camp office of Noida Citizen Forum

    Must read

    नोएडा, द न्यूज क्लिक। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने सोमवार देर शाम सेक्टर-14 स्थित नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) के कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


    उद्घाटन के दौरान कलराज मिश्र ने एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए कहा कि किसी भी शहर के समग्र विकास में जागरूक और संगठित नागरिक समाज की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि एनसीएफ का नया कैंप कार्यालय नागरिकों की समस्याओं के समाधान, जनसंवाद, सामाजिक सहभागिता और जनहित के कार्यों का प्रभावी केंद्र बनेगा।
    उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नोएडा सिटीजन फोरम जनसेवा, जनजागरूकता और नागरिक अधिकारों की दिशा में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त करेगा।

    बोर्ड बैठकों में जनभागीदारी की उठी मांग

    उद्घाटन के बाद आयोजित विचार-विमर्श बैठक में नोएडा के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। एनसीएफ की ओर से नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इस पर कलराज मिश्र ने पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि वह इस मांग को मुख्यमंत्री तक भी पहुंचाएंगे।
    उन्होंने कहा कि केवल समस्याओं पर ही नहीं, बल्कि नोएडा के विकास के लिए भी सकारात्मक संवाद होना चाहिए।

    साइबर सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर भी जोर

    बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता, डिजिटल साक्षरता और युवाओं में बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।

    साथ ही नागरिकों और विशेषज्ञों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने, नागरिक सर्वेक्षण के माध्यम से शहरवासियों की प्राथमिकताओं को जानने तथा वार्षिक बजट से पहले नागरिकों के सुझाव प्राधिकरण तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। बैठक में नोएडा में ग्राम पंचायत व्यवस्था बहाल करने तथा RWA और AOA को संवैधानिक अधिकार देने की मांग भी उठाई गई।
    जनसंवाद का सशक्त मंच बनेगा एनसीएफ कार्यालय
    बैठक में सहमति बनी कि एनसीएफ का नया कैंप कार्यालय जनभागीदारी, रचनात्मक संवाद, नीति-समर्थन और नागरिक समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच बनेगा।

    इस अवसर पर पूर्व सांसद मीना सिंह, उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, बिस्कोमान के अध्यक्ष विशाल सिंह, पूर्व रक्षा सचिव एवं एनसीएफ के चेयरमैन डॉ. योगेंद्र नारायण, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एन.पी. सिंह, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना, ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

    एनसीएफ की ओर से अध्यक्ष डॉ. महेश अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह, संरक्षक डॉ. वी.के. गुप्ता, इंद्राणी मुखर्जी, महासचिव प्रशांत त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिल शर्मा, हरि दत्त शर्मा, आर.के. सिंह, चक्रधर मिश्रा, सचिव गरिमा त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, सचिव गिरीश कपूर, अनीता अरोरा, संजय त्रिपाठी, वैभव श्रीवास्तव, विधि सचिव कमल कौशिक, राजश्री गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नोएडा सिटीजन फोरम आने वाले समय में नागरिकों की आवाज़ को और अधिक मजबूती से उठाते हुए नोएडा के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article