दनकौर, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी के बीटेक अंतिम वर्ष के एक छात्र का शव उसके पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी तब हुई, जब लगभग दो दिन बाद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
बिहार के गोपालगंज का रहने वाला था छात्र
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल तिवारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी था और गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र था। पढ़ाई के दौरान वह दनकौर कस्बे के एक निजी पीजी में रह रहा था।
कमरे से दुर्गंध आने पर हुआ घटना का खुलासा
मंगलवार शाम करीब पांच बजे पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों को राहुल के कमरे से तेज दुर्गंध महसूस हुई। कई बार दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पीजी संचालक ने पुलिस को सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खोला गया कमरा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने पहले खिड़की से अंदर देखा, जहां छात्र का शव पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।
रविवार के बाद किसी ने नहीं देखा था छात्र
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल को आखिरी बार रविवार देर शाम पीजी के बाहर देखा गया था। इसके बाद वह किसी की नजर में नहीं आया। पुलिस का अनुमान है कि घटना रविवार रात के आसपास हुई हो सकती है। कमरे का दरवाजा लगातार बंद रहने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कमरे से मिले सामान तथा अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है, तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच निष्पक्ष और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जारी है।

