दादरी, द न्यूज क्लिक। कटेरा रोड स्थित सिटी हार्ट अकादमी में गणेश चतुर्थी महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान गणेश की भव्य झांकी के साथ विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकाली। पूरे शहर से होते हुए झांकी के स्कूल परिसर में पहुंचने पर विद्यार्थियों और स्टाफ में उत्साह देखने को मिला। विद्यालय की प्रधानाचार्य रुचि भाटी ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा को विधिवत रूप से स्कूल परिसर में स्थापित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने भगवान गणेश की झांकी के साथ प्रभात फेरी निकाली और श्रद्धा के साथ गणपति बप्पा का स्वागत किया।
झांकी के स्कूल परिसर में पहुंचने पर डायरेक्टर संदीप भाटी और समस्त स्टाफ ने पुष्प वर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों का भी तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी ने मिलकर भगवान गणेश की प्रतिमा को मंच पर विधिवत स्थान दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय परिवार ने भगवान गणेश को तिलक लगाकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर गणपति बप्पा को मोदक का भोग लगाया। इसके बाद सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और शिक्षकों ने श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया।
बच्चों में दिखा उत्साह
गणेश चतुर्थी महोत्सव के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में नजर आया। विद्यार्थियों ने भगवान गणेश की झांकी और प्रभात फेरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षकों ने बच्चों को गणेश चतुर्थी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के निदेशक संदीप भाटी ने विद्यार्थियों को भगवान गणेश के जीवन और उनके स्वरूप से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को बुद्धि, विवेक और शुभारंभ का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रुचि भाटी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों से बच्चों को भारतीय परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।

