22 C
Greater Noida
Friday, October 16, 2026
More

    Greater Noida West News : गौड़ सिटी-1 के 1st एवेन्यू में मेडिकल रूम का शुभारंभ, AOA ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रिबन काटकर हुआ मेडिकल रूम का उद्घाटन

    AOA अध्यक्ष संजीव पाठक ने बताया कि पिछले कई दिनों से सोसायटी के वरिष्ठ नागरिकों की ओर से परिसर में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। निवासियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए AOA ने मेडिकल रूम शुरू करने का निर्णय लिया।

    Must read

    सोसायटी में मिलेगी प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा, वरिष्ठ नागरिकों की मांग पर शुरू की गई पहल; निवासियों को मिलेगा विशेष हेल्थ कार्ड

    ग्रेटर नोएडा वेस्ट, द न्यूज क्लिक। गौड़ सिटी-1 के 1st एवेन्यू में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) की ओर से निवासियों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। रविवार को सोसायटी परिसर में एक नए मेडिकल रूम का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन ‘ब्लेसिंग पॉलीनिक’ के सहयोग से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दौरान किया गया।

    इस अवसर पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सोसायटी के निवासियों ने हिस्सा लिया। शिविर में लोगों को जनरल फिजिशियन का निःशुल्क परामर्श उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही बीपी, शुगर और बीएमआई (BMI) जैसी बुनियादी स्वास्थ्य जांच भी की गई। विशेषज्ञों ने जांच के आधार पर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी।

    रिबन काटकर हुआ मेडिकल रूम का उद्घाटन

    सुबह करीब 11:30 बजे सेलिब्रेशन हॉल स्थित मेडिकल रूम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस दौरान AOA पदाधिकारियों और सोसायटी के निवासियों की मौजूदगी में रिबन काटकर नई स्वास्थ्य सुविधा को शुरू किया गया। AOA अध्यक्ष संजीव पाठक ने बताया कि पिछले कई दिनों से सोसायटी के वरिष्ठ नागरिकों की ओर से परिसर में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। निवासियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए AOA ने मेडिकल रूम शुरू करने का निर्णय लिया।

    उन्होंने बताया कि मेडिकल रूम में नियमित रूप से शुगर, बीपी की जांच के साथ ड्रेसिंग, इंजेक्शन और अन्य प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी निवासियों को जरूरत के समय सोसायटी परिसर में ही तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराना है।

    निवासियों को मिलेगा विशेष हेल्थ कार्ड

    AOA सचिव आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि प्रबंधन समिति ने 1st एवेन्यू के प्रत्येक निवासी के लिए विशेष हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस कार्ड के माध्यम से निवासी भविष्य में ‘ब्लेसिंग पॉलीनिक’ में स्वास्थ्य सेवाएं लेने पर विभिन्न सेवाओं और चिकित्सकीय परामर्श में विशेष छूट एवं अन्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हेल्थ कार्ड की सुविधा से निवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध होगी और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति भी जागरूकता बढ़ेगी।

    सोसायटी में ही मिलेगी त्वरित प्राथमिक चिकित्सा

    AOA पदाधिकारियों ने बताया कि मेडिकल रूम शुरू करने का मुख्य उद्देश्य सोसायटी परिसर के भीतर ही सुलभ और त्वरित प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। खासकर बुजुर्गों और ऐसे निवासियों के लिए यह सुविधा उपयोगी होगी, जिन्हें छोटी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए तत्काल सहायता की आवश्यकता पड़ती है। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे निवासियों ने AOA की इस पहल की सराहना की। निवासियों का कहना था कि सोसायटी परिसर में मेडिकल सुविधा शुरू होने से आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर सहायता मिल सकेगी और स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी आसानी से उपलब्ध होगी।

    AOA ने भविष्य में भी निवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़ी ऐसी पहलों को आगे बढ़ाने की बात कही।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    Latest article