ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। JBM Global School में वार्षिक समारोह “आह्वान 2025–26: द ग्रैंड मस्टर” का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर 1200 से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ मैदान पर अनुशासित और ऊर्जावान प्रस्तुतियां देकर एकता, दृढ़ संकल्प, सकारात्मक दृष्टिकोण और विकासशील मानसिकता का सशक्त संदेश दिया। सभी चुनौतियों के बावजूद विद्यार्थियों ने टीम भावना, अनुशासन और साहस का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की भव्यता को और ऊंचाई देते हुए प्री-प्राइमरी से सीनियर सेकेंडरी तक के विद्यार्थियों ने 15 से अधिक खेल एवं फिटनेस कौशलों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल, स्केटिंग, फुटबॉल, मार्शल आर्ट्स और योग जैसी विधाओं की प्रस्तुतियों को अभिभावकों एवं दर्शकों से भरपूर सराहना और जोरदार तालियां मिलीं। रंग-बिरंगे परिधानों और अनुशासित संरचनाओं ने मैदान को जीवंत कर दिया।
यह भव्य आयोजन विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर गुरुदत्त अरोड़ा, सम्मानित प्राचार्या डॉ. उपमा अरोड़ा एवं विद्यालय प्रबंधन से छवि नारायण अरोड़ा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की संपूर्ण योजना, समन्वय और सफल क्रियान्वयन का नेतृत्व निदेशक (शैक्षणिक) नलिनी बहल द्वारा किया गया।
समारोह के दौरान देश के सबसे युवा एशियाई शूटिंग चैंपियन को भारतीय जर्सी में सम्मानित किया जाना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस गौरवपूर्ण क्षण पर पूरा मैदान गगनभेदी तालियों से गूंज उठा। विद्यार्थियों की निर्भीक प्रस्तुतियों और ऊर्जावान माहौल ने अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का समापन शिक्षकों एवं जेबीएम स्टाफ के समर्पित प्रयासों के सम्मान के साथ हुआ, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर अथक परिश्रम किया और इस विशाल आयोजन को सफल बनाया। “आह्वान 2025–26” न केवल एक वार्षिक समारोह रहा, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और सामूहिक शक्ति का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया।

