ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से आयोजित होने वाले विजय महोत्सव 2026 की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान कमेटी के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्री रामलीला कमेटी के महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि इस वर्ष 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक विजय महोत्सव का आयोजन साइट-4 स्थित सेंट्रल पार्क में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और रामलीला मंचन सहित विजयदशमी से जुड़े कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं भव्य रूप देने के लिए कमेटी के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ हवन-पूजन
कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन का आयोजन किया गया। हवन में कमेटी के सदस्यों के साथ उपस्थित धर्मप्रेमियों ने भी आहुति दी। पूर्णाहुति के बाद कमेटी अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह और कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने उपस्थित गणमान्य लोगों के सहयोग से नारियल फोड़कर भूमि पूजन की औपचारिक शुरुआत की। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भगवान श्रीराम की मूर्ति पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने विजय महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और रामलीला आयोजन की तैयारियों में सहयोग का भरोसा जताया।
गणमान्य लोगों ने दी आयोजन की सफलता की शुभकामनाएं
भूमि पूजन कार्यक्रम में बिजेंद्र भाटी, अजीत दौला, राजकुमार भाटी, सतेंद्र नागर, योगेंद्र भाटी डेवटा, शैलेंद्र भाटिया, रामशरण नागर, डॉ. शीतला प्रसाद और ब्रजेश भाटी सहित अन्य लोगों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस दौरान सौरभ बंसल, धर्मपाल भाटी, कमल सिंह आर्य, हरेंद्र भाटी, कुलदीप शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, मुकेश शर्मा, श्यामवीर भाटी, चाचा हिंदुस्तानी, अमित गोयल, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अरुण गुप्ता, रवि शर्मा, संजय सिंह, अजय रामपुर, मनोज चौधरी, विजेंद्र भाटी, सुरेंद्र तायल, राहुल नंबरदार, दीपक भाटी और आलोक नागर समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि भूमि पूजन के साथ विजय महोत्सव 2026 की तैयारियों को औपचारिक रूप से गति मिल गई है। आगामी दिनों में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

