ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने निगम की वेबसाइट और पोर्टल का भी शुभारंभ किया। प्रदेश में आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित, सशक्त और बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस निगम को सरकार की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में किया गया। यहां अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और मुख्यमंत्री के संबोधन तथा सरकार की ओर से की गई घोषणाओं को सुना।
आउटसोर्स कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि यह दिन आउटसोर्स कार्मिकों के लिए ऐतिहासिक है। प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनके भविष्य को सुरक्षित, सशक्त और उज्ज्वल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों को उनके कौशल और कार्य के अनुरूप बेहतर मानदेय सहित विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार की ओर से की गई घोषणाएं आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी साबित होंगी और उन्हें भविष्य को लेकर अधिक सुरक्षा एवं स्थिरता प्रदान करेंगी।
लखनऊ से ग्रेटर नोएडा तक जुड़ा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से लाइव दिखाया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने निगम के शुभारंभ से जुड़ी जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित
कार्यक्रम के दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों को स्वीकृत सहायता राशि के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। अधिकारियों के मुताबिक प्रमाण-पत्र में स्वीकृत धनराशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे संबंधित लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इससे लाभार्थियों को सरकारी सहायता राशि सीधे उनके खातों में प्राप्त होगी।
CDO बोले—आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य की दिशा में अहम कदम
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है। उन्होंने इसे आउटसोर्स कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
कर्मचारियों में दिखा उत्साह
UPCOS के लोगो, वेबसाइट और पोर्टल के शुभारंभ के साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को संस्थागत स्तर पर संबोधित करने की पहल की गई है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित सजीव प्रसारण कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने भी सरकार की इस पहल को लेकर उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि आउटसोर्स कार्मिक विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। ऐसे में उनके हितों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए की जा रही पहल का उद्देश्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ कर्मचारियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

