ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। उत्कृष्ट प्लेसमेंट के क्षेत्र में एक बार फिर गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वविद्यालय ने वर्ष 2026 के प्लेसमेंट सत्र में 1,250 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के माध्यम से 5,500 से अधिक प्लेसमेंट हासिल कर अपनी मजबूत उद्योग-संलग्न शिक्षा प्रणाली का परिचय दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित स्टूडेंट फेलिसिटेशन सेरेमनी-2026 के दौरान मनाया गया, जहां चयनित छात्रों को सम्मानित किया गया और पूरे प्लेसमेंट सीजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले छात्र समन्वयकों के योगदान की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर प्लेसमेंट पाने वाले छात्रों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार प्रकट किया। छात्रों ने कहा कि गलगोटिया यूनिवर्सिटी द्वारा प्रदान की गई उद्योगोन्मुखी शिक्षा, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उनके करियर निर्माण में बेहद सहायक साबित हुआ है। विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि देश और दुनिया की अग्रणी कंपनियां गलगोटिया यूनिवर्सिटी के छात्रों की प्रतिभा और विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता पर भरोसा करती हैं। प्लेसमेंट सत्र के दौरान इंफोसिस ने 526 छात्रों को रोजगार के अवसर प्रदान किए, जबकि कैपजेमिनी ने 228, कॉग्निजेंट ने 205, सिटी यूनियन बैंक लिमिटेड ने 188, एलटीएम ने 119, एक्सेंचर ने 91 तथा ईवाई ने 61 छात्रों का चयन किया।
60 लाख रुपये का सर्वाधिक पैकेज
प्लेसमेंट सत्र के दौरान छात्रों को आकर्षक वेतन पैकेज प्राप्त हुए। विश्वविद्यालय के एक छात्र को सर्वाधिक 60 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिला, जबकि सबसे अधिक स्टाइपेंड वाली इंटर्नशिप का मूल्य 1.25 लाख रुपये प्रति माह रहा। इसके अलावा अनेक छात्रों को देश और विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों से 15 लाख रुपये से लेकर 26.6 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय ने बिग-4 कंपनियों—डेलॉइट, ईवाई, केपीएमजी और पीडब्ल्यूसी में 80 से अधिक ड्रीम ऑफर्स भी दर्ज किए, जो छात्रों की प्रतिभा और विश्वविद्यालय की गुणवत्ता का प्रमाण है।
उद्योगों के साथ मजबूत साझेदारी का मिला लाभ
गलगोटिया यूनिवर्सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एक ही वर्ष में 5,500 प्लेसमेंट प्राप्त होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि विश्वविद्यालय का पाठ्यक्रम उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य छात्रों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। यही कारण है कि देश और दुनिया की प्रमुख कंपनियां हमारे छात्रों पर भरोसा जता रही हैं।”
डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने बताया कि विश्वविद्यालय में लगभग 20 उद्योग-केंद्रित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और शिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन्हें एप्पल, इंफोसिस, इंटेल, सिस्को, टाटा टेक्नोलॉजीज, एलएंडटी एडुटेक, कैपजेमिनी, सेल्सफोर्स और आईबीएम जैसी अग्रणी कंपनियों के सहयोग से विकसित किया गया है।
इन केंद्रों के माध्यम से छात्रों को अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी, व्यावहारिक प्रशिक्षण, उद्योग-प्रमाणित कार्यक्रमों और विशेषज्ञों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिलता है, जिससे कक्षा में प्राप्त शिक्षा और पेशेवर दुनिया के बीच की दूरी कम होती है।
छात्रों के लिए प्रेरणा बनी सफलता
स्टूडेंट फेलिसिटेशन सेरेमनी-2026 के दौरान चयनित छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही उन छात्र समन्वयकों को भी विशेष रूप से सराहा गया, जिन्होंने प्लेसमेंट प्रक्रिया को सफल और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और उद्योगों के साथ मजबूत साझेदारी का परिणाम है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी की यह सफलता देश के उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है और भविष्य में विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

