29.9 C
Greater Noida
Sunday, August 23, 2026
More

    Greater Noida West News : ग्रैंडथुम ओनर्स हुए एकजुट!, कोर कमेटी का गठन, अवैध मेंटेनेंस शुल्क और होल्डिंग चार्ज खत्म कराना होगा पहला मिशन, आंदोलन की चेतावनी, मंगलवार तक दिया अल्टीमेटम

    Grandthum Honours United!, Formation of core committee, illegal maintenance fees and holding charges, first mission has to be eliminated

    Must read

    ग्रेटर नोएडा वेस्ट, द न्यूज क्लिक। ग्रैंडथुम परियोजना के फ्लैट एवं यूनिट मालिकों ने अपने अधिकारों की रक्षा और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए ग्रैंडथुम ओनर्स एसोसिएशन की कोर कमेटी एवं पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से गठन कर दिया है। आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में स्पष्ट किया गया कि अधूरी मूलभूत सुविधाओं के बावजूद बिल्डर द्वारा वसूले जा रहे मेंटेनेंस शुल्क और होल्डिंग चार्ज को समाप्त कराना एसोसिएशन की पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बैठक में बड़ी संख्या में ओनर्स शामिल हुए और सभी ने एकजुट होकर भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जब तक परियोजना में वादा की गई सभी सुविधाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

    आंदोलन की चेतावनी, मंगलवार तक दिया अल्टीमेटम

    बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिमी प्रदेश निर्माण मोर्चा के महासचिव कर्नल सुधीर चौधरी, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष बिन्नू भाटी तथा संगठन महासचिव श्री फौजी ने ग्रैंडथुम ओनर्स को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि मंगलवार तक बिल्डर अवैध मेंटेनेंस शुल्क और होल्डिंग चार्ज वापस नहीं लेता, तो अगले सप्ताह ओनर्स के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) से मुलाकात कर ओनर्स की मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

    प्राधिकरण के निर्णय तक शुल्क जमा नहीं करेंगे ओनर्स

    बैठक में मौजूद सभी ओनर्स ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतिम निर्णय आने तक कोई भी ओनर मेंटेनेंस शुल्क या होल्डिंग चार्ज जमा नहीं करेगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि एसोसिएशन बिल्डर और प्राधिकरण के समक्ष सभी समस्याओं को संगठित रूप से उठाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई का भी सहारा लिया जाएगा।

    कोर कमेटी और पदाधिकारियों का गठन

    बैठक में सर्वसम्मति से निम्न पदाधिकारियों का चयन किया गया— अध्यक्ष: आशीष गुप्ता, महासचिव: रजत गुप्ता, उपाध्यक्ष: अनुराग शर्मा, कोषाध्यक्ष: हिमांशु गर्ग

    कोर कमेटी सदस्य हिमांशु सोलंकी, सार्थक अरोड़ा, शिल्पा निमौरे, अजीत झा, रोहित शर्मा, सुमित सोम, संदीप कुमार, अशोक ओझा।

    अधूरी सुविधाओं को लेकर उठे मुद्दे

    बैठक में परियोजना से जुड़ी कई बुनियादी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। एसोसिएशन ने अधूरी सुविधाओं को जल्द पूरा कराने की मांग उठाते हुए कहा कि निम्न मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई होनी चाहिए— सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बिजली एवं पानी की व्यवस्था, फायर सेफ्टी, कॉमन एरिया का विकास, स्वच्छता व्यवस्था अन्य आधारभूत सुविधाएं।

    अध्यक्ष आशीष गुप्ता बोले— हर ओनर के अधिकारों की होगी रक्षा

    नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य प्रत्येक ओनर के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि संगठन पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा और सभी ओनर्स की आवाज़ को प्रभावी ढंग से बिल्डर एवं संबंधित प्राधिकरणों तक पहुंचाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक परियोजना की सभी मूलभूत सुविधाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक ओनर्स पर किसी भी प्रकार का अनुचित आर्थिक बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा।

    महासचिव रजत गुप्ता ने एकजुट रहने की अपील की

    महासचिव रजत गुप्ता ने कहा कि ग्रैंडथुम के सभी ओनर्स अब एक मजबूत मंच पर संगठित हो चुके हैं और उनके हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधूरी सुविधाओं के बावजूद मेंटेनेंस शुल्क और होल्डिंग चार्ज की वसूली पूरी तरह अनुचित है। एसोसिएशन लोकतांत्रिक, प्रशासनिक और कानूनी माध्यमों से ओनर्स की आवाज़ बुलंद करेगी।

    उन्होंने सभी ओनर्स से अपील की कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतिम निर्णय तक कोई भी मेंटेनेंस शुल्क या होल्डिंग चार्ज जमा न करें तथा एकजुट रहकर अपने अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत बनाएं। बैठक के अंत में सभी ओनर्स ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कोर कमेटी को शुभकामनाएं देते हुए ग्रैंडथुम के हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

    More articles

    Latest article