नोएडा, द न्यूज क्लिक। नोएडा के सेक्टर-150 स्थित महागुन मिडोज सोसाइटी में वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर एक बार फिर फ्लैट खरीदारों का आक्रोश सामने आया। नौएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) के “एनसीएफ आपके द्वार” अभियान के तहत आयोजित संवाद बैठक में निवासियों ने बिल्डर की कार्यशैली, अधूरी सुविधाओं और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि जीवनभर की कमाई से खरीदा गया सपना आज संघर्ष और अनिश्चितता में बदल गया है।
बैठक के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद निवासियों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखते हुए बताया कि फ्लैट खरीदने के कई वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक उन्हें न तो ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) मिला है और न ही फ्लैटों की रजिस्ट्री हो सकी है। ऐसे में वे अपने ही घर में पूरी तरह सुरक्षित और कानूनी रूप से आश्वस्त महसूस नहीं कर पा रहे हैं।
“घर खरीदा, लेकिन सुकून नहीं मिला”
निवासियों ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए जीवनभर की बचत इस परियोजना में निवेश की थी। उम्मीद थी कि आधुनिक सुविधाओं वाली सोसाइटी में सम्मानपूर्वक जीवन बिताएंगे, लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए भी उन्हें बार-बार बिल्डर के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उनका आरोप है कि सोसाइटी में कई मूलभूत सुविधाएं अब तक अधूरी हैं। जगह-जगह इमारतों का प्लास्टर झड़ रहा है, रखरखाव संतोषजनक नहीं है और कई आवश्यक कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं।
धरना देने पर सुविधाएं रोकने का आरोप
बैठक में कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि जब भी फ्लैट खरीदार अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन या विरोध करते हैं, तब बिल्डर की ओर से सिक्योरिटी, हाउसकीपिंग और अन्य आवश्यक सेवाओं में कटौती कर दी जाती है। उनका कहना है कि इससे निवासियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है।
जनप्रतिनिधियों और प्राधिकरण से भी जताई नाराजगी
निवासियों ने कहा कि उन्होंने अपनी समस्याओं को कई बार नोएडा प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों के सामने रखा, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। ठोस कार्रवाई न होने के कारण लोगों में निराशा और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
NCF ने दिया साथ का भरोसा
नौएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी नागरिक को अपने वैध अधिकारों के लिए वर्षों तक संघर्ष करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि फ्लैट खरीदारों की समस्याएं केवल एक सोसाइटी का मामला नहीं हैं, बल्कि यह सुशासन, जवाबदेही और नागरिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनसीएफ इन सभी मुद्दों को संबंधित अधिकारियों, नोएडा प्राधिकरण और शासन स्तर तक पूरी मजबूती के साथ उठाएगा तथा समाधान होने तक निवासियों के साथ खड़ा रहेगा।
समस्याओं का विस्तृत दस्तावेज होगा तैयार
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि महागुन मिडोज की सभी समस्याओं का विस्तृत दस्तावेज तैयार किया जाएगा। इसके बाद इसे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत कर वर्षों से लंबित मामलों के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।
‘एनसीएफ आपके द्वार’ अभियान जारी रहेगा
नौएडा सिटीजन फोरम ने स्पष्ट किया कि “एनसीएफ आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य शहर की प्रत्येक सोसाइटी, सेक्टर और गांव तक पहुंचकर नागरिकों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है।
बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में एनसीएफ के पदाधिकारी प्रशांत त्यागी, चक्रधर मिश्रा, गरिमा त्रिपाठी, प्रदीप यादव सहित सोसाइटी के निवासी सुधीर सिंह डोगरा, डॉ. वंदना सिंह, पारूल गर्ग, ऋति कश्यप, सुश्मित कश्यप, चंदन कुमार, तेजवीर सिंह एवं अन्य निवासी उपस्थित रहे।

