ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 सेक्टर स्थित कम्युनिटी सेंटर में RWA के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर ने RWA की नई टीम के सदस्यों को उनके पद और दायित्व की शपथ दिलाई। इस दौरान सेक्टर के विकास, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और निवासियों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि सेक्टर के विकास और निवासियों के दैनिक जीवन को सुगम एवं समस्यामुक्त बनाने के लिए RWA के सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी सेक्टर को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी ढंग से काम करेंगे। शपथ ग्रहण के बाद सेक्टरवासियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। RWA की नई टीम ने भी सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।
उम्मीदों पर खरा उतरने का वादा
RWA के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश चंद्र शर्मा ने कहा कि सेक्टरवासियों ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर शत-प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सेक्टर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। महासचिव प्रेम सिंह भाटी और कोषाध्यक्ष गौरव सिंघल ने सेक्टर के चहुंमुखी विकास के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर RWA सक्रिय भूमिका निभाएगी।
राजेंद्र नागर और सुभाष अग्रवाल ने सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निवासियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी और आवश्यक स्तर पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष समस्याएं उठाई जाएंगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि सेक्टर के प्रत्येक ब्लॉक से कमेटी गठित कर स्थानीय स्तर की समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा। इसके बाद RWA के माध्यम से उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
शपथ लेने वालों में संरक्षक पद पर राजेंद्र नागर, सुभाष अग्रवाल एवं जीतेन्द्र चौहान शामिल रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गजेंद्र दत्त शर्मा, मनोज गुप्ता (मोनू भाई) एवं मनवीर मावी ने शपथ ली। उपाध्यक्ष पद पर पुष्पेंद्र गोयल, रणसिंघ प्रधान, पवन गोयल, राकेश नागर, यशपाल भाटी, ओमकार भाटी एवं जीतेन्द्र गर्ग ने शपथ ग्रहण की। संयुक्त महासचिव पद पर विजय शर्मा, वित्त सचिव पद पर सुनील शर्मा और सचिव पद पर आर.के. सिंह ने शपथ ली।
वहीं सांस्कृतिक सचिव के रूप में मंजू वर्मा ने शपथ ली। कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर शशि बाला गुप्ता, सुसैन राम शर्मा, कपिल शर्मा, रामदास, एस.के. सेठ, मेहर चंद, राम सिंह गोला एवं रणवीर सिंह ने पद की शपथ ली। नई टीम ने सेक्टर के विकास, सुरक्षा, नागरिक सुविधाओं में सुधार और निवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान मौजूद सेक्टरवासियों ने नई RWA कार्यकारिणी से बेहतर कार्य और प्रभावी प्रतिनिधित्व की उम्मीद जताई।

