29.9 C
Greater Noida
Tuesday, August 25, 2026
More

    Breaking News : अब रात में भी जगमगाएगा ईकोटेक-3! हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों का हुआ रात्रिकालीन निरीक्षण, IBA और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तेज किए विकास कार्य, CEO रवि कुमार एन.जी. बोले—औद्योगिक क्षेत्रों का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता

    Now Ecotech-3 will shine even at night! Night inspection of high mast and street lights, IBA and Greater Noida Authority accelerated development work, CEO Ravi Kumar N. G. Said - development of industrial sectors is the top priority

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बनाने की दिशा में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सोमवार रात करीब 8 बजे ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का संयुक्त रात्रिकालीन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था की गुणवत्ता का आकलन करना और शेष कमियों को जल्द दूर करना था।

    IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजीतभाई पटेल, प्रबंधक विपिन कुमार और तकनीकी अधिकारी नेत्रपाल के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।

    हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों का हुआ विस्तृत सर्वे

    निरीक्षण के दौरान हाईमास्ट लाइटों और स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली, प्रकाश की तीव्रता (लक्स लेवल) और गुणवत्ता की जांच की गई। जिन स्थानों पर अभी तक बिजली के पोल नहीं लगाए गए हैं, वहां का भी सर्वे किया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि चिन्हित स्थानों पर जल्द पोल स्थापित कर शेष स्ट्रीट लाइटें भी लगा दी जाएंगी। इसके अलावा जहां पेड़ों की शाखाएं रोशनी में बाधा बन रही हैं, वहां उद्यान विभाग को शीघ्र छंटाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।

    चौगानपुर गोलचक्कर से पुलिस लाइन तक बेहतर होगी रोशनी

    संयुक्त टीम ने चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक तथा घंटा चौक से पुलिस लाइन तक के मार्ग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों पर भी जल्द बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ईकोटेक-3 के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर डेकोरेटिव लाइटिंग लगाकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।

    रवि कुमार एन.जी. बोले—औद्योगिक क्षेत्रों का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता

    ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. ने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से युक्त बनाना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट, सड़क, जल निकासी, हरित विकास और अन्य आवश्यक कार्यों को चरणबद्ध तरीके से तेजी से पूरा कराया जा रहा है ताकि उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण मिल सके।

    दो वर्षों में बदली ईकोटेक-3 की तस्वीर

    ओएसडी अभिषेक पाठक ने कहा कि लगभग दो वर्ष पहले जब रात में ईकोटेक-3 का निरीक्षण किया गया था, तब कई स्थानों पर गहरा अंधेरा और डार्क स्पॉट थे। आज उन्हीं सड़कों पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की रोशनी में श्रमिकों और कर्मचारियों का सुरक्षित आवागमन दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव प्राधिकरण और IBA के बीच बेहतर समन्वय, टीमवर्क और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। जहां अभी भी स्ट्रीट लाइटें लगनी बाकी हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा।

    IBA ने विकास कार्यों की सराहना की

    IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि प्राधिकरण के साथ मिलकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। पिछले कई वर्षों से IBA लगातार स्ट्रीट लाइट, सड़क, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर सर्वे, सुझाव और फॉलो-अप करता रहा है।

    उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरा ईकोटेक-3 आधुनिक, सुरक्षित और पूर्ण रूप से प्रकाशमय औद्योगिक क्षेत्र के रूप में नई पहचान बनाएगा।

    विश्वस्तरीय सुविधाओं पर रहेगा फोकस

    IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा ने कहा कि रात्रिकालीन निरीक्षण से स्पष्ट है कि प्राधिकरण गुणवत्ता के साथ कार्य कर रहा है। IBA आगे भी विकास कार्यों की सकारात्मक निगरानी करता रहेगा ताकि उद्यमियों को विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।

    प्राधिकरण की टीम को किया सम्मानित

    इस अवसर पर IBA के पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एन.जी., एसीईओ प्रेरणा सिंह, ओएसडी अभिषेक पाठक, महाप्रबंधक (परियोजना) आशीष कुमार सिंह तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग की पूरी टीम की सराहना की।

    उन्होंने कहा कि जिस गति और गुणवत्ता के साथ ईकोटेक-3 सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं, उससे आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाएंगी।

    इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने विश्वास व्यक्त किया कि प्राधिकरण और उद्योग जगत के बीच इसी प्रकार का सकारात्मक सहयोग जारी रहा तो ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्र देश के सबसे आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेंगे।

    More articles

    Latest article