ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह पुलिस लाइंस, गौतमबुद्धनगर में आयोजित हुआ, जहां पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कर्तव्य के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन, साहस और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान से नवाजा गया।
उत्कृष्ट सेवा और शौर्य के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह उपनिरीक्षक राकेश यादव, थाना बीटा-2 को प्रदान किया गया। वहीं निरीक्षक उमेश चंद नैथानी, प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया। शौर्य के आधार पर मुख्य आरक्षी रवि कुमार (स्वर्ण) सहित कई पुलिसकर्मियों को प्रशंसा चिन्ह प्रदान किए गए। इसके अलावा सेवाभिलेख के आधार पर सात पुलिसकर्मियों को रजत प्रशंसा चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया। सम्मानित परिजनों में स्वर्गीय तीरथपाल सिंह की पत्नी मधु तोमर, स्वर्गीय रोहित यादव की पत्नी आयुषी चौधरी, निरीक्षक स्वर्गीय सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी, हेड कांस्टेबल स्वर्गीय बिजेंद्र कुमार की पत्नी मिथलेश और कांस्टेबल स्वर्गीय सुनील भाटी की पत्नी मुनेश कुमारी शामिल रहीं।
पुलिस कमिश्नर ने शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी किया सम्मानित
समारोह में पुलिस विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों का कर्तव्य सीधे तौर पर राष्ट्रसेवा से जुड़ा है। उन्होंने सभी से शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
पुलिस के अन्य कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण
इसी क्रम में पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने ध्वजारोहण किया। वहीं कमिश्नरेट मुख्यालय, सूरजपुर में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह और एडीसीपी स्वतंत्र देव सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कमिश्नरेट के सभी थानों एवं कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ। पूरे कमिश्नरेट परिसर में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना देखने को मिली।

