ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक । सेक्टर P-3 की RWA टीम के गठन को आज एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर RWA अध्यक्ष अमित भाटी ने समस्त सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए पिछले एक वर्ष में कराए गए विकास कार्यों, सामाजिक पहलों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। अमित भाटी ने कहा कि यह एक वर्ष सेक्टर के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा, हरियाली एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासों का वर्ष रहा है। सेक्टरवासियों के सहयोग, विश्वास और मार्गदर्शन से लगभग ₹5.50 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं, जबकि इसी स्तर अथवा उससे अधिक लागत के अन्य विकास कार्यों के लिए भी प्रयास जारी हैं।
प्रमुख विकास कार्य
पिछले एक वर्ष में सेक्टर में लगभग ₹60 लाख की लागत से विभिन्न ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री वॉल, लगभग ₹35–40 लाख की लागत से पार्कों में हाईमास्ट लाइटें, लगभग ₹40 लाख की लागत से आंतरिक सड़कों की रिसर्फेसिंग तथा गेट नंबर-3 के बाहर पानी की टंकी की बाउंड्री वॉल, सेक्टर की ओर ऊंची बाउंड्री वॉल, तारफेंसिंग एवं ब्यूटिफिकेशन आदि के कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर-3 मार्केट के लगभग ₹35 लाख के मेंटेनेंस एवं सौंदर्यीकरण तथा कम्युनिटी सेंटर के लगभग ₹28 लाख के मेंटेनेंस का कार्य प्रगति पर है। लगभग ₹1.32 करोड़ की लागत से 24 मीटर सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइटें एवं विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट पोल लगाने का कार्य भी इसी माह प्रारंभ होने जा रहा है।
लगभग ₹2 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्यों के टेंडर प्रस्तावित हैं, जिनमें पार्कों में हट एवं बच्चों के लिए झूले, चारों ब्लॉकों में ओपन जिम तथा विभिन्न प्रमुख मार्गों पर ग्रास ग्रिड टाइल्स लगाने जैसे कार्य शामिल हैं।
“मेरा सेक्टर सबसे बेहतर” में P-3 को प्रथम स्थान
अमित भाटी ने बताया कि पूर्व में RWA के महासचिव के रूप में कार्य करते हुए भी सेक्टर की तार फेंसिंग, बाउंड्री वॉल, ग्रीन बेल्ट एवं पार्कों का ब्यूटिफिकेशन, मदर डेयरी, CCTV कैमरे तथा सड़कों के सुधार सहित अनेक कार्यों में योगदान रहा।
इन सभी प्रयासों के सामूहिक परिणामस्वरूप सेक्टर P-3 ने अमर उजाला के “मेरा सेक्टर सबसे बेहतर” अभियान में पूरे ग्रेटर नोएडा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे सेक्टरवासियों की एकजुटता और सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
सामाजिक एवं जनहित की अनूठी पहल
RWA के सहयोग और सेक्टरवासियों के योगदान से गेट नंबर-3 एवं गेट नंबर-4 पर गार्ड रूम, पब्लिक टॉयलेट एवं वॉटर कूलर जैसी सुविधाओं पर कार्य कराया गया है। मार्केट में वॉटर कूलर का कार्य भी पूरा हो चुका है। मार्केट के पार्क को “तिरंगा पार्क” के रूप में विकसित करते हुए वहां 20 मीटर ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना की गई है।
सेक्टर में अपने स्वयं के बर्तन बैंक की स्थापना भी की गई है। इसका उद्देश्य सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। बर्तन बैंक से सेक्टरवासी धार्मिक कार्यक्रमों, भंडारों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए निःशुल्क बर्तन प्राप्त कर रहे हैं।
RWA एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए बनेगा केंद्र
मार्केट में लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े इलेक्ट्रिक रूम को खाली कराने के बाद प्राधिकरण के सहयोग से उसे विकसित कराया जा रहा है। इसका उपयोग भविष्य में बर्तन बैंक, कपड़ा बैंक, बुक बैंक, सीनियर सिटीजन रिक्रिएशन रूम एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
स्वच्छता एवं व्यवस्था में सुधार
सेक्टर में मंदिर के आसपास सफाई एवं व्यवस्था में सुधार, सब्जी विक्रेताओं को गेट नंबर-6 के पास वेंडिंग जोन में स्थानांतरित कराने, मदर डेयरी के पास स्थित पान के खोखे को हटवाने, बस शेल्टरों पर लाइट लगवाने, पार्कों की मरम्मत एवं पौधारोपण तथा गेट नंबर-3 के पास सरकारी नल की व्यवस्था जैसे कार्य भी कराए गए हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा
मंदिर परिसर के बाहर अव्यवस्थित रूप से बैठने वाले भिखारियों को हटवाने, मंदिर के सामने अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगाने एवं नो-पार्किंग जोन निर्धारित करने जैसे कदम उठाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए RWA द्वारा सुरक्षा गार्ड की शुरुआत की गई, जिसके बाद मंदिर समिति ने भी अपने स्तर पर सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की। मंदिर के पास लंबे समय से रखे बड़े डस्टबिन को भी हटवाकर निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित कराया गया।
P-3 स्पोर्ट्स क्लब का निर्माण
गेट नंबर-3 के लेफ्ट साइड बच्चों एवं युवाओं के लिए “P-3 स्पोर्ट्स क्लब” विकसित किया जा रहा है। इसका लगभग 70–80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। यहां वॉलीबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, वॉकिंग एवं रनिंग ट्रैक तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।

जलभराव एवं ड्रेनेज समस्या पर लगातार प्रयास
सेक्टर की क्षतिग्रस्त ड्रेनेज लाइनों की मरम्मत, वर्षों से बंद एवं दबे चैंबरों को खुलवाकर सफाई कराने जैसे कार्य किए गए हैं, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी में सुधार हुआ है। हैवेलिया नाले की सफाई, डिजाइन, ब्यूटिफिकेशन एवं दुर्गंध की समस्या के समाधान के लिए भी प्राधिकरण स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपे जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
64 प्रतिशत शुल्क एवं प्राधिकरण संबंधी मामलों में प्रयास
सेक्टरवासियों के 64 प्रतिशत शुल्क से जुड़े मामलों को भी RWA द्वारा लगातार प्राधिकरण के समक्ष उठाया गया है। प्रयासों के परिणामस्वरूप बिना अनावश्यक राशि जमा किए ट्रांसफर मेमोरेंडम (TM) एवं संपत्ति से संबंधित अन्य कार्यों को सुगम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
अवैध PG एवं अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ अभियान
सेक्टर में चल रहे अवैध PG, होटल, ढाबे, व्यावसायिक एवं अन्य अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ RWA द्वारा प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष लगातार शिकायतें एवं प्रयास किए जा रहे हैं। कई मामलों में PG बंद हुए हैं तथा कुछ मामलों में नोटिस एवं सीलिंग की कार्रवाई के लिए प्राधिकरण द्वारा कदम उठाए गए हैं। RWA ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे आर्थिक लाभ के लिए अपने मकान को अवैध PG या अन्य अनधिकृत गतिविधियों के लिए किराए पर न दें।
अमित भाटी ने मांगी क्षमा, कहा— उपलब्धि पूरे सेक्टर की
RWA अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि यदि एक वर्ष के कार्यकाल में RWA के किसी पदाधिकारी से जाने-अनजाने कोई गलती हुई हो, किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो या किसी कार्य में कमी रह गई हो, तो पूरी टीम उसकी जिम्मेदारी लेते हुए सेक्टरवासियों से क्षमा प्रार्थी है। उन्होंने कहा, “आज सेक्टर P-3 में जो भी सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं, वे किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं हैं। यह पूरे सेक्टरवासियों के विश्वास, सहयोग, योगदान और एकजुटता का परिणाम है।”
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले वर्ष में भी RWA बिना किसी भेदभाव के सभी सेक्टरवासियों को साथ लेकर P-3 को ग्रेटर नोएडा का सबसे स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित, हरा-भरा एवं व्यवस्थित सेक्टर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

