ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। प्राइड मंथ के अवसर पर शारदा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज के डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक विशेष ओरल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज के उस वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण दंत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था, जो अक्सर नियमित स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाता है।

कैंप के दौरान प्रतिभागियों के दांतों और मसूड़ों की विस्तृत जांच की गई। चिकित्सकों ने मौखिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक परामर्श दिया तथा बेहतर ओरल हाइजीन बनाए रखने के उपायों की जानकारी साझा की। साथ ही सही ब्रशिंग तकनीक, नियमित दंत परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी विस्तार से जागरूक किया गया, ताकि भविष्य में दंत रोगों से बचाव किया जा सके।
स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज के डीन डॉ. हेमंत साहनी ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय समाज का अभिन्न हिस्सा है और उन्हें सम्मानजनक तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मौखिक स्वास्थ्य केवल दांतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के आत्मविश्वास, गरिमा और बेहतर जीवन से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यह संदेश देना भी है कि स्वास्थ्य सेवाओं में समानता, संवेदनशीलता और समावेशिता सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं। ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ सभी के लिए बेहतर और समावेशी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करते हैं।” यह विशेष स्वास्थ्य शिविर डॉ. स्वाति शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस दौरान डॉ. फैसल अहमद, डॉ. आइना, डॉ. अक्षत, डॉ. अमरेश, डॉ. रिया, डॉ. सादिक और डॉ. अनन्या गुप्ता सहित विभाग के अन्य चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शारदा यूनिवर्सिटी की इस पहल को सामाजिक समावेश, स्वास्थ्य जागरूकता और समान स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

