दादरी, द न्यूज क्लिक। दादरी तहसील मुख्यालय की लगभग तीन लाख की आबादी की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दादरी के मुख्य तिराहे पर फुट ओवर ब्रिज (FOB) निर्माण की मांग तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के बीचोंबीच स्थित जीटी रोड और नोएडा रोड के संगम पर दिनभर भारी यातायात रहता है, जिससे सड़क पार करना आम लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है।
दादरी शहर से होकर गुजरने वाला ऐतिहासिक जीटी रोड हमेशा व्यस्त रहता है। इसके साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मुख्य तिराहे पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है और पैदल यात्रियों, विशेषकर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को सड़क पार करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यदि इस स्थान पर आधुनिक फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाता है तो हजारों लोगों को प्रतिदिन सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाएगी।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिस प्रकार प्रदेश के अन्य जनपदों में व्यस्त चौराहों और हाईवे पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है, उसी तर्ज पर दादरी के मुख्य तिराहे पर भी शीघ्र फुट ओवर ब्रिज स्वीकृत किया जाए। उनका कहना है कि दादरी तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां बढ़ते यातायात को देखते हुए यह सुविधा अब समय की आवश्यकता बन चुकी है।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि प्रदेश सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र निर्णय लेगी, जिससे दादरी की लगभग तीन लाख आबादी को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

