33 C
Greater Noida
Tuesday, September 1, 2026
More

    Breaking News : गाजियाबाद-दादरी-बुलंदशहर मेट्रो की मांग तेज, न्यू नोएडा और औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ, मुख्यमंत्री से की गई विस्तार की अपील, भविष्य में न्यू नोएडा को एक मजबूत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मिल सकेगी

    वर्षों में विकसित होने वाला न्यू नोएडा उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और आवासीय परियोजनाओं में से एक होगा। यदि अभी से मेट्रो नेटवर्क की योजना तैयार कर गाजियाबाद से बुलंदशहर तक विस्तार किया जाता है तो भविष्य में न्यू नोएडा को एक मजबूत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मिल सकेगी।

    Must read

    ग्रेटर नोएडा/न्यू नोएडा, द न्यूज क्लिक। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ते औद्योगिक और शहरी विकास को देखते हुए गाजियाबाद से दादरी, सिकंदराबाद होते हुए बुलंदशहर तक मेट्रो सेवा शुरू करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनहित में मेट्रो विस्तार की अपील की है।

    डॉ. आनंद आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल और रुचि के कारण आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ जैसे शहरों में मेट्रो सेवा का सफल संचालन हो रहा है। इससे लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हुआ है। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक बड़ा और तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र अब भी मेट्रो सुविधा से वंचित है।

    उन्होंने कहा कि गाजियाबाद-दादरी-सिकंदराबाद-बुलंदशहर कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा शुरू होने से न केवल आम नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि इस क्षेत्र में स्थित हजारों औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों और व्यापारियों को भी प्रतिदिन आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और यात्रा का समय भी घटेगा।

    डॉ. आनंद आर्य ने कहा कि आने वाले वर्षों में विकसित होने वाला न्यू नोएडा उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और आवासीय परियोजनाओं में से एक होगा। यदि अभी से मेट्रो नेटवर्क की योजना तैयार कर गाजियाबाद से बुलंदशहर तक विस्तार किया जाता है तो भविष्य में न्यू नोएडा को एक मजबूत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मिल सकेगी।

    उन्होंने यह भी कहा कि दादरी, सिकंदराबाद और बुलंदशहर क्षेत्र शिक्षा, उद्योग, व्यापार और रोजगार की दृष्टि से लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यहां प्रतिदिन हजारों लोग गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली-एनसीआर की ओर आवाजाही करते हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने से इन यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध परिवहन उपलब्ध होगा।

    डॉ. आनंद आर्य ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश के संतुलित विकास और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद-दादरी-सिकंदराबाद-बुलंदशहर मेट्रो परियोजना का सर्वे कराकर इसे शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उनका कहना है कि यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी, बल्कि भविष्य के न्यू नोएडा को भी विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

    उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनहित और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    Latest article