ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एक बार फिर तेज़ और प्रभावी कार्रवाई का परिचय देते हुए चांदी व्यापारी से लूटे गए ₹1 करोड़ 28 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिए। इस सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने दिल्ली के रोहिणी निवासी पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 650 ग्राम सोने के आभूषण, 12.138 किलोग्राम चांदी के आभूषण, बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार, एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह (आईपीएस) के निर्देशन, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्रा (आईपीएस) के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम (आईपीएस) के नेतृत्व में की गई। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने किया, जबकि सहायक पुलिस आयुक्त-1 के.पी. सिंह के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
रेकी कर बनाई थी लूट की पूरी योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और पहले व्यापारियों की गतिविधियों की रेकी करते हैं, फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से लगभग आठ दिन पहले गिरोह के सदस्य कमलकांत ने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी के थोक बाजार में लगातार निगरानी की। उसने वहां आने-जाने वाले व्यापारियों, उनके वाहनों और यात्रा के समय की जानकारी जुटाई।
घटना से दो दिन पहले कमलकांत को सूचना मिली कि एक इटियॉस कार में बड़ी मात्रा में आभूषण लेकर व्यापारी आगरा की ओर रवाना होगा। इसके बाद गिरोह ने लूट की पूरी योजना तैयार की।
दो कारों से पीछा कर दिया वारदात को अंजाम
योजना के अनुसार आरोपी बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार और स्विफ्ट कार से निकले। बलेनो कार में सवार बदमाशों ने इटियॉस कार का पीछा किया, जबकि स्विफ्ट कार में बैठे दो आरोपी पहले से तय स्थान ग्राम जुनेदपुर के जंगल में पहुंचकर अन्य साथियों का इंतजार करने लगे।

जब इटियॉस कार जीरो प्वाइंट से लगभग दो किलोमीटर आगे रुकी, तब आरोपियों ने दुर्घटना का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया। इसके बाद तमंचे के बल पर चालक और उसके साथियों को धमकाकर कार में रखा आभूषणों से भरा बैग लूट लिया।
वारदात के बाद सभी आरोपी पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जुनेदपुर के जंगल में एकत्र हुए और लूटे गए आभूषण लेकर फरार हो गए।
48 घंटे में पुलिस ने दबोचे आरोपी
घटना के बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। लगातार अभियान चलाकर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 650 ग्राम सोने के आभूषण, 12.138 किलोग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कुल कीमत करीब ₹1.28 करोड़ आंकी गई है, बरामद किए गए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
संगठित गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से व्यापारियों की रेकी कर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अन्य राज्यों या जनपदों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
ग्रेटर नोएडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल करोड़ों रुपये के आभूषण बरामद हुए, बल्कि व्यापारियों में भी सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

