नोएडा, द न्यूज क्लिक। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-110, नोएडा में 13 और 14 जून को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अपना योगदान दिया।
शिविर का आयोजन अस्पताल के ब्लड सेंटर में किया गया, जहां अस्पताल के डॉक्टरों, कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर आयोजित हेल्थ टॉक में डॉ. पल्लव मिश्रा, वरिष्ठ सलाहकार (आंतरिक चिकित्सा), यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-110, नोएडा ने रक्तदान से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा, “रक्तदान एक ऐसा कार्य है जो किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती। समाज में आज भी रक्तदान को लेकर कई भ्रांतियां हैं, जिन्हें दूर करना जरूरी है।”
उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं, बड़ी सर्जरी, कैंसर उपचार, थैलेसीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों के दौरान रक्त की लगातार आवश्यकता होती है। ऐसे में नियमित रक्तदान करने वाले लोगों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है।
यथार्थ अस्पताल ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों, स्वयंसेवकों और कार्यक्रम में सहयोग करने वाले प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।
अस्पताल ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।
यथार्थ अस्पताल सभी स्वस्थ नागरिकों से समय-समय पर रक्तदान करने और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील करता है। अस्पताल की ओर से लोगों को संदेश दिया गया “रक्तदान महादान है – आपका एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।”

