31.5 C
Greater Noida
Sunday, July 12, 2026
More

    Big Cricket League Season-2 के सरताज बने यूपी बृज स्टार्स, गुजरात डायमंड्स को 5 रन से दी शिकस्त, चिराग गांधी की 76 रनों की पारी ने दिलाया खिताब

    Big Cricket League Season-2's Sartaj became the UP Brij Stars, defeated Gujarat Diamonds by 5 runs

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। यूपी बृज स्टार्स ने बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) सीजन 2 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में गुजरात डायमंड्स को 5 रन से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों को आखिरी गेंद तक रोमांचित रखा।

    टूर्नामेंट की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच खेला गया यह खिताबी मुकाबला अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरा और खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया।

    गुजरात डायमंड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए यूपी बृज स्टार्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए।

    यूपी बृज स्टार्स की ओर से चिराग गांधी ने 45 गेंदों में शानदार 76 रन बनाकर टीम की पारी को मजबूती प्रदान की। उनकी जिम्मेदार और आक्रामक बल्लेबाजी टीम के लिए निर्णायक साबित हुई।

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात डायमंड्स की टीम ने अंत तक संघर्ष किया। जेसल कारिया ने 40 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि एडेला गुरुरत्ने ने 25 गेंदों में 35 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। हालांकि गुजरात की पूरी टीम 161 रन पर सिमट गई और यूपी बृज स्टार्स ने 5 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।

    फाइनल मुकाबले में कई रोमांचक बजर चैलेंज भी देखने को मिले। हार्दिक ने दो बार लगातार तीन डॉट गेंदों का चैलेंज लिया। मनोज ने 30 रन का चैलेंज चुना, जबकि विशाल गुर्जर और जतिन सैनी ने तीन डॉट गेंदों का चैलेंज लिया। वहीं जतिन मावी ने दो विकेट और तीन विकेट के चैलेंज स्वीकार किए तथा तीन विकेट वाला चैलेंज सफलतापूर्वक पूरा कर फाइनल में विशेष छाप छोड़ी।

    इस जीत के साथ यूपी बृज स्टार्स ने बिग क्रिकेट लीग सीजन 2 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम कर ली और टूर्नामेंट के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया।

    बीसीएल सीजन 2 फाइनल में गणमान्य अतिथियों के विचार

    इस मुके पर भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि “बिग क्रिकेट लीग देशभर के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक शानदार मंच बनकर उभरी है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का जुनून, प्रतिभा और प्रतिस्पर्धी भावना प्रेरणादायक रही है। खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और सपनों को साकार करने का ऐसा अवसर मिलना बेहद सुखद है।”

    किरेन रिजिजू जी, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री, ने कहा कि “खेल राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बिग क्रिकेट लीग जैसी पहलें जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने में अहम योगदान देती हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह भारत के मजबूत होते खेल परिवेश को दर्शाता है। मैं इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देता हूं।”

    सोमेन्द्र तोमर जी ने कहा कि “बिग क्रिकेट लीग केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि क्रिकेट और खेल उत्कृष्टता का उत्सव है। इस फाइनल ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक मंच पर लाकर उन्हें महत्वपूर्ण अनुभव और अवसर प्रदान किया है। मुझे विश्वास है कि इनमें से कई खिलाड़ी भविष्य में भारतीय क्रिकेट में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”

    बीसीएल सीजन 2 का समापन एक यादगार फाइनल के साथ हुआ, जिसने उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दी और देश में क्रिकेट के विकास के प्रति लीग की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

    More articles

    Latest article