ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। शीइंस्पायर फाउंडेशन द्वारा गोदरेज गोल्फ लिंक, ग्रेटर नोएडा में “पिता – एक अनकही कहानी” थीम पर भव्य फादर्स डे गाला सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निवासियों, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, महिला उद्यमियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों तथा समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य परिवार और समाज के निर्माण में पिताओं के मौन त्याग, संघर्ष, समर्पण और योगदान को सम्मान देना तथा पारिवारिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं निवासियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पिता-पुत्र एवं पिता-पुत्री गतिविधियां, प्रतिभा प्रदर्शन, सम्मान समारोह तथा महिला उद्यमियों और स्थानीय व्यवसायों की प्रदर्शनी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे।
इसके साथ ही पूरे सप्ताह आयोजित समर कार्निवल में बच्चों के लिए गणित कार्यशालाएं, क्राफ्ट सत्र, डांस क्लासेस, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम, स्वास्थ्य परामर्श, खेल-कूद तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

बच्चों ने विशेष रूप से फायर विदाउट कुकिंग, क्राफ्ट गतिविधियों और रचनात्मक कार्यशालाओं का भरपूर आनंद लिया। गणित सत्रों ने उन्हें नए सीखने के अवसर प्रदान किए, जबकि प्रातःकालीन खेल एवं व्यायाम सत्रों ने प्रतिभागियों में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। डांस क्लासेस पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सबसे पसंदीदा गतिविधियों में शामिल रहीं।
इस अवसर पर शीइंस्पायर फाउंडेशन की निदेशक श्रेष्ठा चंद्रा एवं डॉ. दीपशिखा वरुण ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समुदाय के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ना, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना तथा बच्चों और निवासियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम को यथार्थ हॉस्पिटल, यस बैंक, रेडिसन ब्लू, मैच माई यूनी, मार्कगुरु, औरम स्वास्थ्य तथा इराया डेंटल केयर सहित विभिन्न संस्थानों एवं सहयोगी संगठनों का समर्थन प्राप्त हुआ।
शीइंस्पायर फाउंडेशन ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली अपनी समर्पित इवेंट सपोर्ट टीम के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। फाउंडेशन ने श्वेता गुप्ता, कामिया, जिया, शुचि, अर्चना श्रीवास्तव, अर्चना गुप्ता, शिवानी, शुभ्रा विश्वास, मोनिका गोयल, गुन्निका, श्रुति, निताशा, शिखा वर्मा, नीतू रुपलानी, श्वेता सामवेदी, श्रेष्ठा चंद्रा एवं डॉ. दीपशिखा वरुण के अथक प्रयासों और समर्पण की सराहना की, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संवाद, पारिवारिक जुड़ाव और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण, उपहार, सहभागिता प्रमाण-पत्र तथा पिताओं से जुड़ी भावनात्मक स्मृतियों को साझा करने के साथ हुआ, जिसने इस आयोजन को सभी प्रतिभागियों के लिए यादगार बना दिया।
“परिवारों का उत्सव • समुदायों का निर्माण • भविष्य को प्रेरणा”

