नोएडा, द न्यूज क्लिक। मानसून के आगमन से पहले नोएडा के सेक्टर-105 में जलभराव और बिजली संकट की आशंका एक बार फिर गहराने लगी है। सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि यदि सीएनजी पंप के सामने स्थित मुख्य नाले की ब्लॉकेज को तत्काल दूर नहीं किया गया, तो पिछले वर्ष जैसे हालात दोबारा पैदा हो सकते हैं।
आरडब्ल्यूए के अनुसार, मुख्य नाला गाद, प्लास्टिक और अन्य कचरे से पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका है। इसके कारण दूषित पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की ग्रीन बेल्ट को नुकसान पहुंचा रहा है। साथ ही सड़ते हुए पानी से दुर्गंध फैल रही है और डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी समस्या के कारण नाले का पानी बिजली के मुख्य ट्रांसफार्मरों तक पहुंच गया था। भूमिगत केबलों में शॉर्ट सर्किट होने से पूरे सेक्टर की बिजली करीब 48 घंटे तक बाधित रही थी, जिससे भीषण गर्मी के दौरान निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से मांग की है कि सीएनजी पंप के सामने अवरुद्ध पड़े मुख्य नाले की सफाई भारी पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से तत्काल कराई जाए। इसके अलावा नाले के गंदे पानी को सेक्टर के आंतरिक नालों में वापस आने से रोकने के लिए ‘वन-वे गेट’ जैसी स्थायी तकनीकी व्यवस्था लागू की जाए।
आरडब्ल्यूए ने सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान और आम नागरिकों को हुई परेशानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की है। अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो मानसून के दौरान सेक्टर-105 के निवासियों को एक बार फिर जलभराव और बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है।

