नोएडा, द न्यूज क्लिक। सेक्टर-105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया नि:शुल्क योग अभियान स्थानीय निवासियों के बीच प्रेरणा का केंद्र बन गया है। समाजसेविका डॉ. नीलम भाटी के मार्गदर्शन में आयोजित इस नियमित योग शिविर में प्रतिदिन 70 से 80 महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास कर रही हैं।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि कार्यकारिणी समिति के आग्रह पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना है। उन्होंने कहा कि सबसे प्रेरणादायक बात यह है कि डॉ. नीलम भाटी पूरी तरह नि:स्वार्थ भाव से बिना किसी आर्थिक लाभ या प्रचार-प्रसार की इच्छा के यह सेवा दे रही हैं। उनका समर्पण समाज सेवा और महिला स्वास्थ्य के प्रति एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। नियमित योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। डॉ. नीलम भाटी जैसी समाजसेविकाएं समाज को स्वस्थ, जागरूक और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने डॉ. नीलम भाटी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सेक्टर-105 की सभी महिलाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से योग शिविर में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें और इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी निवासियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि सेक्टर को एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समुदाय के रूप में विकसित किया जा सके।

